अंतागढ़ विस उपचुनाव में मतदान में भारी गिरावट
रायपुर [ब्यूरो]। अंतागढ़ उपचुनाव में मतदान प्रतिशत में भारी कमी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायक दल के नेता टीएस सिंहदेव ने कहा है कि खरीद फरोख्त के लिए जनता ने भाजपा के गाल पर करारा तमाचा लगाया है। मतदान प्रतिशत में 25 प्रतिशत की भारी गिरावट हुई है। उपचुनाव में अंतागढ़ में 52 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि 2013 के विधानसभा चुनावों में अंतागढ़ में 77 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। भाजपा के अलोकतांत्रिक खेल के प्रति जनता की गहरी नाराजगी खुलकर सामने आई है। पैसों के दम पर सत्ता प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग कर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की चुनाव मैदान से हटाने और 10 निर्दलीय प्रत्याशियों की भी नाम वापसी के बावजूद मतदान प्रतिशत में भारी कमी आई है।
भाजपा सरकार की पूरी ताकत अंतागढ़ चुनाव में लगी रही। मंत्री डटे रहे, शासन प्रशासन लगा रहा। सौदान सिंह, मुख्यमंत्री रमन सिंह, मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, हेमचंद यादव ने पूरी ताकत झोंक दी। 7000 से अधिक पुलिस फोर्स लगाई गई।