चुनाव आयोग का विरोध गलत: जोगी
रायपुर [ब्यूरो]। अंतागढ़ उपचुनाव में गड़बड़ी को लेकर निर्वाचन आयोग के सामने धरना-प्रदर्शन की तैयारी में जुटी कांग्रेस का पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने विरोध किया है।
जोगी ने कहा कि संवैधानिक संस्था का इस तरीके से विरोध करना गलत है। कांग्रेस में एक नई परंपरा की शुआत होने जा रही है। कांग्रेस अगर सरकार और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करती तो वे जरूर शामिल होते। लेकिन कांग्रेस जो धरना प्रदर्शन करने जा रही है, वह एक संवैधानिक संस्था के खिलाफ है। अंतागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार मंतूराम पवार ने नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद से कांग्रेस ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
अजीत जोगी के करीबी सूत्रों के अनुसार शनिवार देर शाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी और नेता प्रतिपक्ष ने धरने में शामिल होने के मुद्दे को लेकर श्री जोगी से चर्चा की है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता टीएस सिंहदेव ने बताया कि सभी विधायकों को धरने में शामिल होने के लिए कहा गया है। कांग्रेस विधायक अमित जोगी और डॉ. रेणु जोगी धरने में शामिल होंगी। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी से भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चर्चा हुई है। धरना में उनके भी शामिल होने की उम्मीद की जा रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने भी स्पष्ट किया कि सभी वरिष्ठ नेताओं को प्रदर्शन की जानकारी दी गई है। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा, प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने प्रदर्शन में शामिल होने का आश्वासन दिया है।