कर्मा को सांप ने डसा, हालत गंभीर
दंतेवाड़ा/जगदलपुर/रायपुर [निप्र]। दिवंगत कांग्रेसी नेता महेन्द्र कर्मा के बेटे व दंतेवाड़ा नगर पंचायतअध्यक्ष दीपक कर्मा को रविवार सुबह जहरीले [करैत] सांप ने डस लिया। कर्मा को उपचार के लिए पहले दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और फिर जगदलपुर ले जाया गया, लेकिन जगदलपुर में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गंभीर हालत में शाम 4 बजे शासकीय विमान से रायपुर लाया गया। उन्हें यहां पचपेड़ी नाका के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें डॉक्टरों ने 24 घंटे की निगरानी में आईसीयू में रखा है।
मिली जानकारी के अनुसार दीपक कर्मा दंतेवाड़ा स्थित अपने निवास में सो रहे थे। रविवार सुबह साढे़ 6 बजे उनके बाएं पैर की उंगली में सांप ने काटा। वे दर्द से उठकर बैठ गए। उंगली से खून बहने लगा। उन्होंने कमरे में इधर-उधर देखा, लेकिन कुछ दिखाई नहीं दिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उनकी हालत देखकर परिजन उन्हें जिला अस्पताल दंतेवाड़ा ले गए, जहां लक्षण के आधार पर सीएस डॉ. शांडिल्य व डॉ. दीपक बघेल ने एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाया और अन्य तरह का उपचार किया और जगदलपुर रिफर कर दिया। वहां भी उनका उपचार शुरू किया गया।
जगलपुर मेकॉज के डॉक्टरों ने बताया कि दीपक कर्मा की आंखें बोझिल हो रही थीं तथा सांस लेने में तकलीफ थी, हाथ-पैर में झटके आ रहे थे। ऐसी हालत में डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर ले जाने को कहा। इधर घटना की जानकारी के बाद परिजन और कांग्रेसियों की जिला व मेकॉज हॉस्पिटल में भीड़ जुड़नी शुरू हो गई थी।
हालत नाजुक
डॉ. संदीप दवे ने बताया कि दीपक वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। शरीर में जहर फैल गया है। उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। हाई एंटीबायोटिक दवाई व एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दीपक को सांप काटे कई घंटे हो गए हैं। इससे इलाज में देरी हो गई है। उन्हें करैत सांप ने डसा है, जो बहुत ही जहरीला होता है। करैत का जहर फैलने से दिल का दौरा पड़ने का खतरा ज्यादा रहता है। तंत्रिकाएं भी काम करना बंद कर देती हैं।