नेशनल हेराल्ड मामले में नहीं मिला समन: वोरा
रायपुर [ब्यूरो]। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल राजधानी पहुंच गए हैं। मीडिया से चर्चा करते हुए वोरा ने कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार विवाद मामले में अभी तक उन्हें कोई समन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि समन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे, लेकिन यह दुर्भावना से हुई कार्रवाई लग रही है।
वोरा ने महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केन्द्र की वही नीतियां जो यूपीए सरकार के समय जारी थीं, लेकिन केन्द्र में भाजपा की सरकार आने के बाद महंगाई लगातार ब़़ढती जा रही है। वोरा ने प्रदेश की नई कार्यकारिणी को लेकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी का इंतजार कीजिए, क्योंकि इंतजार का मजा तत्काल में नहीं है। वोरा राजधानी से सीधे दुर्ग रवाना हो गए। वे दुर्ग में रात्रि विश्राम करके शुक्रवार को दिल्ली लौट जाएंगे।
कार्यकारिणी की जल्द होगी घोषणा
इस मौके पर बघेल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री निवास घेराव की रिपोर्ट देने दिल्ली गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नई कार्यकारिणी को लेकर रायशुमारी जारी है और जल्द ही कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। श्री बघेल ने धान के समर्थन मूल्य और बोनस को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा अपने घोषणा पत्र में केन्द्र के नेताओं से पूछकर बोनस देने की घोषणा की थी। सत्ता हासिल करने के बाद भाजपा को बोनस की पूरी राशि किसानों को देनी चाहिए।
भूपेश ने किया इंतजार
बताया जा रहा है कि वोरा के आने की जानकारी मिलने के बाद बघेल स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में ही रक गए और उनका इंतजार करते रहे। वोरा के आने के बाद दोनों कांग्रेस नेता वहां से रवाना हुए।