लोकतंत्र के दुश्मन हैं नक्सली: सीएम
रायपुर [ब्यूरो]। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बस्तर संभाग में हुए नक्सली हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नक्सली हमारे देश और हमारे लोकतंत्र के दुश्मन हैं। नक्सलियों ने मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों के जवानों पर किए गए शर्मनाक हमलों से एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में उनकी आस्था नहीं है। डॉ. सिंह ने शहीद मतदान कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल पूछा और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने भारी उत्साह से मतदान में हिस्सा लेकर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट की है। इससे नक्सली बौखला गए हैं और उन्हें बस्तर में अपनी जमीन खिसकती नजर आ रही है। दोनों घटनाएं नक्सलियों की बौखलाहट और घिनौनी मानसिकता की परिचायक हैं। इन घटनाओं से सरकार, जनता, मतदानकर्मी और सुरक्षाबलों का मनोबल नहीं टूटेगा, बल्कि हम सब मिलकर नक्सलियों का और भी दृ़़ढता से मुकाबला करेंगे और बस्तर की धरती से नक्सल हिंसा को खत्म करेंगे।
राज्यपाल ने भी की निंदा
राज्यपाल शेखर दत्त ने भी नक्सली हमलों में जवानों व मतदान कर्मियों के शहीद होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
राज्यपाल ने ऐसी हिंसक घटनाओं की घोर निंदा करते हुए इन्हें स्वस्थ लोकतंत्र के विकास के लिए घातक, कायराना व दुखद बताया है। राज्यपाल ने शहीद जवानों व मतदानकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।