सस्ते क्रूड से सरकार और आम आदमी को होते हैं 5 फायदे, जानिए
क्रूड के सस्ते होने से आम आदमी को और सरकार को कई बड़े फायदे होते है
नई दिल्ली (जेएनएन)। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है और मार्च की शुरुआत में आई तेज गिरावट के बाद यह एशियाई व्यापार में छह महीने की निम्नतम स्तर पर पहुंच गया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कच्चे तेल यानी क्रूड की कीमतों में गिरावट होने से आम आदमी और सरकार को 5 बड़े फायदे होते हैं। हम अपनी खबर के माध्यम से इन पांच बड़े फायदों के बारे में ही बताने की कोशिश करेंगे।
पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा: क्रूड ऑयल की कीमत से सीधे तौर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर असर पड़ता है। अगर क्रूड ऑयल सस्ता होता है तो देश में पेट्रोल डीजल की कीमतें भी कम हो जाती है, जिससे कि आम आदमी को फायदा होता है। वहीं जब क्रूड महंगा होता है तो महंगे डीजल एवं पेट्रोल से आम आदमी की जेब पर असर पड़ता है।
महंगाई कम होगी: क्रूड सस्ता होने से महंगाई भी कम होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि क्रूड सस्ता होने से पेट्रोल डीजल सस्ता हो जाता है और परिचालन लागत कम होने से वस्तुओं के दाम कम हो जाते हैं।
इंपोर्ट बिल कम होगा: क्रूड सस्ता होने से सरकार का इंपोर्ट बिल कम हो जाता है। क्योंकि सरकार को बाहर से क्रूड मंगाने के लिए डॉलर का भुगतान करना होता है, जो कि इंपोर्ट बिल की श्रेणी में आता है। जब क्रूड सस्ता होगा तो इस भुगतान याना इंपोर्ट बिल में भी कमी आएगी।
आरबीआई की ओर से ब्याज दरों कमी की गुंजाइश: क्रूड सस्ता होने से आरबीआई की ओर से ब्याज दरों में कमी करने की गुंजाइश भी तेज हो जाती है। ब्याज दरें कम होने से सीधे तौर पर आम आदमी को फायदा होता है।
रुपया होगा मजबूत: क्रूड की कीमतों का असर रुपए पर भी पड़ता है। क्रूड सस्ता होने से हमें उसकी खरीद के लिए विदेशों में कम डॉलर का भुगतान करना होता है, यानी हमारे विदेशी मुद्रा भंडार में ज्यादा कमी नहीं आती है। इस लिहाज से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हो जाता है।