सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

निर्यात के साथ व्यापार घाटा भी बढ़ा, चालू खाता घाटा बढ़कर 2.4 फीसद हुआ

By Praveen DwivediEdited By:
Published: Sat, 16 Sep 2017 12:07 PM (IST)

व्यापार घाटा बढ़ने के कारण देश का चालू खाता घाटा जीडीपी के 2.4 फीसद पर पहुंच गया है

निर्यात के साथ व्यापार घाटा भी बढ़ा, चालू खाता घाटा बढ़कर 2.4 फीसद हुआ
निर्यात के साथ व्यापार घाटा भी बढ़ा, चालू खाता घाटा बढ़कर 2.4 फीसद हुआ

नई दिल्ली (पीटीआई)। देश का चालू खाता घाटा (सीएडी) मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही की समाप्ति पर बढ़कर 14.3 अरब डॉलर हो गया जो सकल घरेलू उत्पादन (जीडीपी) का 2.4 फीसद था। सीएडी में बढ़ोतरी मुख्य रूप से व्यापार घाटा बढ़ने के कारण हुई है। पिछले वित्त वर्ष 2016-17 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में सीएडी घटकर 40 करोड़ डॉलर रह गया था जो जीडीपी के मुकाबले सिर्फ 0.1 फीसद था। मार्च 2017 में समाप्त तिमाही में सीएडी 3.4 अरब डॉलर रहा जो जीडीपी का 0.6 फीसद था।

निर्यात के मोर्चे पर सरकार के लिए राहत भरी खबर है। अगस्त माह में निर्यात में 10.29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जो बीते चार माह में सर्वाधिक है। पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग और केमिकल के निर्यात में वृद्धि से देश से कुल निर्यात बढ़कर 23.81 अरब डॉलर पहुंच गया है। हालांकि चिंताजनक बात यह है कि अगस्त में आयात में भारी भरकम 21.02 प्रतिशत वृद्धि होने से व्यापार घाटा बढ़कर 11.64 अरब डॉलर हो गया है।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार अगस्त माह में देश का कुल आयात 35.46 अरब डॉलर रहा जबकि पिछले साल समान अवधि में यह 29.3 अरब डॉलर था। आयात बढ़ने के चलते अगस्त में व्यापार घाटा बढ़कर 11.64 अरब डॉलर हो गया है जबकि अगस्त 2016 में यह 7.70 अरब डॉलर था। आयात में वृद्धि मुख्यत: सोने का आयात बढ़ने के चलते हुई है। सोने के आयात में अगस्त में 69 प्रतिशत वृद्धि हुई और यह 1.88 अरब डॉलर रहा। तेल आयात में 14.22 प्रतिशत वृद्धि हुई और यह 7.75 अरब डॉलर रहा।

वैसे वित्त वर्ष 2017-18 में अप्रैल से अगस्त की अवधि में कुल निर्यात 118.57 अरब डॉलर रहा है जो कि पिछले साल समान अवधि के मुकाबले 8.57 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में आयात 181.71 अरब डॉलर रहा जो पिछले साल समान अवधि के मुकाबले 26.63 प्रतिशत अधिक है। इस तरह अप्रैल से अगस्त तक व्यापार घाटा 63.14 अरब डॉलर रहा है। वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले बारह महीने में निर्यात ने सकारात्मक वृद्धि दिखायी है।