चीनी मिलों पर गन्ना किसानों की 12,270 करोड़ रुपये की देनदारी
चीनी मिलों पर गन्ना किसानों की 12,270 करोड़ रुपए की देनदारी बकाया है।
नई दिल्ली: बीते माह के अंत तक चीनी मिलों पर गन्ना किसानों की 12,270 करोड़ रुपए की देनदारी बकाया थी। यह जानकारी सरकार ने मंगलवार को दी। सरकार की ओर से दी गई जानकारी में यह भी कहा गया है कि 225.21 लाख टन के पूर्व पूर्वानुमान के मुकाबले चीनी उत्पादन अनुमान 2016-17 के विपणन वर्ष के लिए संशोधित कर कम किया जा सकता है, हालांकि घरेलू मांग को पूरा करने के लिए देश में पर्याप्त स्टॉक है।
खाद्य राज्य मंत्री सी आर चौधरी ने लोकसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, “28 फरवरी, 2017 तक चीनी मिलों पर 12,269.78 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। यह राशि वित्त वर्ष 2016-17, 2015-16, 2014-15 और उसके पहले के फसल वर्ष के लिए गन्ना किसानों को दी जानी है।” आपको बता दें कि शुगर सीजन या विपणन वर्ष अक्टूबर से सितंबर तक चलता है।
उन्होंने कहा, गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 1966 आपूर्ति के 14 दिनों की भीतर गन्ना कीमत का भुगतान सुनिश्चित करता है, इसमें असफल रहने के कारण चीनी मिलों को 14 दिनों से अधिक की देरी के कारण कुल राशि पर 15 फीसद का ब्याज भी अदा करना पड़ता है।