यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हर मैच के लिए 54.5 करोड़ रुपए देगा Star India, दुनिया की सबसे महंगी क्रिकेट प्रॉपर्टी बनेगा IPL
स्टार इंडिया की वैश्विक बोली ने आईपीएल को सबसे महंगा खेल बना दिया है

नई दिल्ली (जेएनएन)। इंडियन प्रीमियर लीग को स्टार इंडिया के रुप में नया मीडिया पार्टनर मिल गया है। सभी प्रकार की बोलियां जो कि मीडिया दिग्गज रुपर्ट मर्डोक की कंपनी ने लगाई है उसकी कुल लागत अगले पांच सालों तक करीब 16,347.50 करोड़ रुपए (2.55 बिलियन डॉलर) बैठेगी। मर्डोक के ग्रुप ने आईपीएल के ग्लोबल मीडिया राइट्स खरीद लिए हैं, इस दौड़ में उन्होंने एक दर्जन से अधिक मीडिया दिग्गजों को पछाड़ा है, जिनमें फेसबुक, रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और सोनी प्रमुख हैं।
समझें आकड़ों का गणित:
स्टार इंडिया की वैश्विक बोली सात श्रेणियों में सबसे अधिक कुल बोली राशि से भी अधिक थी। यह 15,819.51 करोड़ रुपए रही जो कि 3.3 फीसद अधिक है। स्टार इंडिया, जो कि एक वैश्विक बोली प्रस्तुत करने वाला एकमात्र दावेदार था, को प्रति मैच 54.5 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। इसके साथ ही आईपीएल दुनिया की सबसे महंगी क्रिकेट प्रॉपर्टी बन जाएगा। स्टार इंडिया भारत में बीसीसीआई की ओर से खिलाए जाने वाले मैचों में भी अधिकार रखता है, अनुबंध के तहत प्रति मैच 43 करोड़ रुपए का भुगतान करता है। आईपीएल का मालिकाना हक बीसीसीआई के पास है और वही इसका संचालन करती है।
- स्टार इंडिया को टेंडर नियमों के मुताबिक हर साल टोटल बिड के मुताबिक 16 फीसद राशि देनी होगी।
- स्टार इंडिया को साल 2018 से 2022 तक मीडिया राइट्स के लिए 16,347.50 करोड़ रुपए का भुगतान करना होगा।
- सात श्रेणियों के लिए स्टार इंडिया ने इंडिविजुअली 15,819.51 करोड़ रुपए की अधिकतम बोली लगाई।
- स्टार इंडिया की ग्लोबल बिड कंबाइंड अधिकतम बोली से 3.3 फीसद ज्यादा है।
