SBI के एमडी ने कहा, विलय के बाद 2019 तक 10 फीसद कर्मचारियों की होगी छटनी
SBI के एमडी ने बताया कि वर्ष 2019 तक 10 फीसद कर्मचारियों की छटनी की जाएगी।
नई दिल्ली। देश में सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) छह सहयोगी बैंकों के विलय के बाद करीब 10 फीसद कर्मचारियों की छटनी करेगा। कर्मचारियों की संख्या में कटौती, कम भर्ती और डिजिटाइजेशन के चलते की जाएगी। ऐसा एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है।
एक न्यूज एजेंसी को दिए गए साक्षात्कार में एसबीआई के प्रबंध निदेशक रजनीश कुमार ने कहा, “समय के साथ साथ कर्मचारियों की संख्या में गिरावट देखने को मिलेगी। आने वाले दो वर्षों में करीब 10 फीसद कर्मचारियों की छंटनी की संभावना है।”
मौजूदा समय में एसबीआई में करीब 207,000 कर्मचारी है। आपको बता दें कि छह सहयोगी बैंकों- बीकानेर एवं जयपुर स्टेट बैंक, मैसूर स्टेट बैंक, त्रावणकोर स्टेट बैंक, पटियाला स्टेट बैंक, हैदराबाद स्टेट बैंक और भारतीय महिला बैंक के विलय के बाद संख्या में 70,000 कर्मचारियों का इजाफा होगा।
यह भी पढें- फॉर्च्यून मैगजीन की सूची में SBI प्रमुख अरुंधती भट्टाचार्य 26वें स्थान पर
कुमार ने बताया कि मर्जर के बाद हम लोगों के कर्मचारियों की संख्या 2,77,000 हो जाएगी। यह आंकड़ा मार्च 2019 तक घटकर 2,60,000 होने की संभावना है। तो यह 10 फीसद से भी कम रहेगी। पहले विलय हो जाने दीजिए फिर हम प्रक्रियागत बदलाव के प्रभाव को देखेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भूमिका में बदलाव के साथ कर्मचारियों की संख्या में कुछ कटौती होगी, लेकिन कटौती करना एक विकल्प नहीं है।
बैंक अधिकारियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नए कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं रोकी जाएगी, लेकिन इसमें 50 फीसद की कमी की जाएगी। अब से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया हर वर्ष केवल वैकेंसी निकालेगा।