भारत की विकास परियोजनाओं का हिस्सा है बुलेट ट्रेन: पीयूष गोयल
पीयूष गोयल ने बताया कि भारत की विकासात्मक योजना का एक प्रमुख हिस्सा मौजूदा रेल नेटवर्क का सुधार करना है
नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने बुलेट ट्रेन शुरू करने के केंद्र के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन शुरू करना भारत की विकास परियोजनाओं का ही हिस्सा है। गोयल ने यह जवाब क्वैरा (जानकारी साझा करने वाली एक वेबसाइट) पर पूछे गए एक सवाल के संदर्भ में दिया।
क्या था सवाल: क्वैरा पर एक यूजर ने सवाल पूछा था जिसके लिए उसने ऑनलाइन कम्युनिटी से जवाब मांगे थे। उसने सवाल पूछा था कि क्या भारत को वाकई में बुलेट ट्रेन की जरुरत है? गोयल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और उन्होंने मुंबई से अहमदाबाद तक के लिए प्रस्तावित हाई स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) के बचाव में 884 शब्दों का जवाब दिया। उन्होंने अपनी बात रखते हुए इस जवाब के साथ कुछ ऐसे ग्राफिक्स भी साझा किए जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर है।
गोयल ने अपने जवाब में क्या कहा?
गोयल ने अपने जवाब में कहा, “भारत विकास संबंधी जरूरतों के साथ एक तेजी से बढ़ती विकसित अर्थव्यवस्था है। भारत की विकासात्मक योजना का एक प्रमुख हिस्सा मौजूदा रेल नेटवर्क का सुधार करना और हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का विकास करना भी है जिसे बुलेट ट्रेन के रूप में जाना जाता है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना एनडीए सरकार की एक दूरदर्शी परियोजना है, जो कि लोगों के लिए सुरक्षा, गति और सेवा के क्षेत्र में एक नए युग का शुभारंभ करेगी। साथ ही यह स्पीड और स्केल के पैमाने पर भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अगुआ बनने में भी मदद करेगी।”