पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था ने पार किया 300 अरब डॉलर का आंकड़ा: रिपोर्ट
5.3 फीसद की वृद्धि दर के साथ पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में इजाफा हुआ है।
नई दिल्ली (जेएनएन): पाकिस्तान ने बीते एक दशक में 5.3 फीसद की उच्चतम वार्षिक वृद्धि दर हासिल की। इस इजाफे के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था ने 300 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था ने जो 5.3 फीसद की ग्रोथ रेट हासिल की है उसकी प्रमुख वजह कृषि क्षेत्र में तेज सुधार और सर्विस सेक्टर का अनुमान से बेहतर प्रदर्शन को माना जा रहा है।
सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), जो कि एक वर्ष में उत्पादित सभी वस्तुओं और सेवाओं का मौद्रिक मूल्य होता है, के वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान 5.28 फीसद की दर से बढ़ने का अनुमान है। यह बात नेशनल अकाउंट कमेटी (एनएसी) ने कही है। हालांकि ये आंकड़े प्रोविजनल हैं और वित्त वर्ष के आखिर तक आने वाले अंतिम आंकड़ों में इसमें थोड़ा ऊंच-नीच हो सकती है।
5.3 फीसद के साथ पाकिस्तान की इकोनॉमिक ग्रोथ ने एक गति हासिल कर ली है। साल 2008 में आए संकट के बाद देश की स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। वहीं साल 2017-18 के लिए सरकार ने 6 फीसद की जीडीपी ग्रोथ रेट का लक्ष्य रखा है। 5 फीसद से ऊपर की ग्रोथ रेट हासिल करने के बाद अब पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़कर 304.4 बिलियन डॉलर का हो गया है।