तेज आंधी-पानी व ओलावृष्टि में स्वास्थ्य केंद्र की छत गिरी
बेतिया। प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी-पानी व ओलावृष्टि से प्राथमिक स्वास्थ्य के
बेतिया। प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी-पानी व ओलावृष्टि से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टोर रूम की छत ध्वस्त होकर गिर गई। यह संयोग ही रहा कि उस समय स्टोर रूम में कोई मौजूद नहीं था। छत गिरने की आवाज सुन उस समय अन्य कमरों में मौजूद लोगों में काफी देरतक अफरातफरी मची रही। इस दौरान किसी जानमाल की क्षति की सूचना नहीं है। अस्पताल की छत गिरने से आवाज इतनी जोर से हुई कि लोग काफी देरतक सहमे रहे। छत गिरने से स्टोर में रखी अलमारी, कुर्सी, बेड, स्ट्रेचर, ट्राईसाइकिल, फ्रीज आदि लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। मालूम हो कि 2014 में उप महाप्रबंधक, बिहार राज्य भवन निर्माण मुजफ्फरपुर द्वारा उक्त जर्जर भवन को परित्यक्त घोषित करने का आदेश मांगा था। अस्पताल प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी प्रशासन न इसे परित्यक्त घोषित नहीं किया। इसके कारण यहां बनने वाला सीएचसी अन्यत्र बनाना पड़ा और स्थिति यह है कि आज भी अस्पताल इसी जर्जर भवन में संचालित होता है। वहीं दूसरी ओर इस आंधी पानी व ओलावृष्टि से रबी फसलों को भारी क्षति पहुंची है। प्रखंड क्षेत्र के इलाकों में आम व लीची के मंजरों पर यह बरसात व ओलावृष्टि आफत बनकर उतरी। खपडैल मकानों के साथ-साथ दर्जनाधिक पेड़ भी आंधी की भेंट चढ़ गए। बेमौसम बरसात व ओला पड़ने से आम जनजीवन भी अस्त व्यस्त रहा।
इनसेट बयान
आंधी में स्टोर की छत टूट कर गिर गयी है, जिसमें लाखों की क्षति हुई है। इसकी सूचना विभाग के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।
अनिल कुमार
प्रभारी बीएचएम सह बीसीएम
मैनाटांड।