Move to Jagran APP

उफनाई गंडक व मसान ने मचाई तबाही

बगहा। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गंडक नदी उफान पर है। इसके साथ ही क्षेत्र की

By Edited By: Published: Sat, 23 Jul 2016 11:33 PM (IST)Updated: Sat, 23 Jul 2016 11:33 PM (IST)
उफनाई गंडक व मसान ने मचाई तबाही

बगहा। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गंडक नदी उफान पर है। इसके साथ ही क्षेत्र की पहाड़ी नदियां बौरा गई हैं। इसके परिणामस्वरूप बगहा के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का पानी फैल गया है। गंडक पार के डुमवलिया, पिपरासी, कांटी, बलजोरा, नैनाहा, गदियानी टोला, सोहगी बरवा, रतवल, रजवटिया, चंदरपुर भिड़ारी, भिलोरवा टोला समेत रामनगर प्रखंड के अवरहिया आदि जगहों से लोगों का पलायन शुरू हो गया है। लोग ऊंचे स्थान की ओर पलायन कर रहे हैं। नैनाहा के ग्रामीण धनहां-रतवल पुल पर शरण ले रहे हैं। अपने साजो सामान के साथ इनका पलायन शुरू हो चुका है। उधर चौतरवा के रायबारी महुआवा में मशान नदी का कहर जारी है। मसान नदी की भयंकर बाढ़ व कटाव ने जहां रायबारी महुअवा गांव में कहर बरपा रहा है। वहीं सिकरहना नदी के बौराने से कई गांव के लोग तबाह हैं। उनके सैकड़ों एकड़ में लगी फसल नदी की भेंट चढ़ गई है। उधर गंडक नदी में आई भयंकर बाढ़ से चंदरपुर रतवल पंचायत के गदीआनी टोला गांव में बाढ़ का पानी कहर ढा रहा है। पंचायत के मुखिया अशोक यादव व सरपंच जगरनाथ यादव चंपारण तटबंध पर पहुंचकर बाढ़ का जायजा ले रहे हैं। वहीं बगहा इंस्पेक्टर मो. अयूब शनिवार की सुबह रायबारी महुअवा सुरक्षा तटबंध का निरीक्षण करने के बाद मौके पर एक चौकीदार को प्रतिनियुक्त किया है। वहीं गदीआनी टोला, टांड़, विजयमल यादव का टोला, कोड़रिया टोला, बरमदेव यादव टोला आदि गांवों में गंडक का पानी लगातार कहर बरसा रहा है। लोग गांव से निकलकर चंपारण तटबंध व अपने संबंधियों के घर जा रहे हैं। बाढ़ में अभी भी सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं। मुखिया व सरपंच ने तत्काल नाव व राहत के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है।

loksabha election banner

गंडक नदी में शनिवार की सुबह आई भयंकर बाढ़ ने दियारा क्षेत्र में तबाही मचा दी है। सिसही पंचायत के कई गांवों में पानी प्रवेश कर गया है। सिसही पंचायत के मुखिया बालमुकुंद गद्दी ने बताया कि सोहगी बरवा वृत्ता, नाराहवा आदि गांवों में सैकड़ों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से यहां के लोग नाव के सहारे ऊंचे स्थानों पर पलायन कर रहे हैं। गांव के लोग नाव के अभाव में तैरकर बाहर जा रहे हैं। वहीं बाढ़ में कई मवेशी भी बह गए हैं। गांव के लोग नाव के अभाव में तैरकर बाहर जा रहे हैं। वहीं कई लोग मचान बनाकर उस पर अपने बच्चों व आवश्यक सामान को रखे हुए हैं। साथ ही बगल के गांव चंदरपुर रतवल पंचायत के वार्ड नंबर 2 गद्दीआनी टोला भी पूर्ण रुप से बाढ़ की चपेट में है। सैकड़ों लोग बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं और नाव का इंतजार कर रहे हैं। एक पुराने नाव के सहारे लोग बारी-बारी से चंपारण तटबंध पर जा रहे हैं। इस बावत चंदरपुर रतवल पंचायत के मुखिया अशोक यादव व सिसही पंचायत के मुखिया बालमुकुंद गद्दी ने प्रशासन से तत्काल नाव की मांग की गई है जिससे बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.