बिजली विभाग ने 54 का काटा कनेक्शन
नरकटियागंज में विपत्र सुधार के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग सक्रिय हो गया है।
बेतिया। नरकटियागंज में विपत्र सुधार के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग सक्रिय हो गया है। वैसे उपभोक्ताओं को चिन्हित करते हुए शहर के उनके घरों का विद्युत विच्छेदन किया जा रहा है। इसकी जानकारी सहायक अभियंता अशोक कुमार ने दी है। उन्होने बताया है कि कैंप के माध्यम से विपत्र सुधरवाने के बाद भी उपभोक्ताओं द्वारा राशि जमा नहीं किया जा रहा है। ऐसे में दस हजार रुपये व उससे अधिक बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जा रहा है। इसी कड़ी में पुरानी बाजार के पांच, प्रकाश नगर के तीन, बाजार के बारह, ब्लाक रोड के चार और पांडेयटोला के चार उपभोक्ताओं के घरों का विद्युत संचालन काटा गया है। इसके साथ ही हरदिया, शिवगंज व नगर के अन्य जगहों पर भी कनेक्शन काटा जा रहा है। इसके बाद इन सभी उपभोक्ताओं को राशि जमा करने के लिए नोटिस दिया जाएगा। बावजूद इसके विपत्र जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग सख्त कदम उठाएगी। सहायक अभियंता ने यह भी बताया कि कनीय अभियंता मनोज कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल 54 उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जा चुका है।