हृदय गति रूकने से गैस एजेंसी के संचालक की मौत
नगर के भगवती नगर स्थित सिद्धि विनायक गैस एजेंसी के प्रोपराईटर संतोष कुमार (32) की शुक्रवार की रात करीब नौ बजे मौत हो गई।
बेतिया। नगर के भगवती नगर स्थित सिद्धि विनायक गैस एजेंसी के प्रोपराईटर संतोष कुमार (32) की शुक्रवार की रात करीब नौ बजे मौत हो गई। मौत का कारण हृदय गति रूकना बताया जा रहा है। संतोष कुमार भगवती नगर निवासी जगन्नाथ प्रसाद के पुत्र थे। बताया जाता है कि इधर कुछ दिनों से एजेंसी के कार्यो को लेकर परेशान चल रहे थे। लोग दबी जबान से बता रहे थे कि कार्य का प्रेशर मौत का कारण बन गई । उनके निधन के बाद गैस एजेंसी संचालकों समेत उनके जानने वालों में दु:ख की लहर दौड़ गई है। रौशन सिंह, बंदे पाण्डेय, कौशल कुमार और अरूण कुमार आदि शोक संतप्त परिवार के घर परिजनों को सांत्वना देते रहे।
चार माह पहले ही हुई थी शादी
मृतक संतोष कुमार की शादी 26 अप्रैल को तुरकौलिया के हरपुर गाव निवासी स्व. वैद्यनाथ प्रसाद की पुत्री कविता से हुई थी। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी कविता का हाल बुरा हो गया है। वह दहाड़ मार कर रोती बिलखती बेहोश हो जा रही है। वही परिजनों का भी हाल बेहाल हो गया है।
दो-दो पुत्रों की अर्थी को कंधा दे चुके हैं जगन्नाथ
हर बाप की इच्छा होती है कि मरने के बाद उसके अर्थी को कंधा उनके पुत्र दे। लेकिन जग्रन्नाथ ऐसे पिता है जिनके जीवन काल में ही दो दो पुत्रों की अर्थी को कंधा देना पड़ गया। तीन साल पहले उनके बड़े पुत्र मुन्ना प्रसाद को अज्ञात अपराधियों ने उर्वशी सिनेमा के पास गोली मार हत्या कर दी थी। जग्रन्नाथ अभी उस सदमे से उबर भी नही पाए थे कि संतोष की मौत ने उन्हे हिला कर रख दिया। बेटे के शव के पास विलाप कर रहे पिता के आंखों के आंसू सुख गए थे। रूंधती आवाज के साथ बस अपने जज्बात बयां कर रहे थे कि हमने किसी का क्या बिगाड़ा की भगवान हमें इतनी बड़ी सजा दे रहे है। जगन्नाथ व उनकी पत्नी राजकुमारी देवी के साथ साथ उनका पूरा परिवार और आसपास के लोग शोकाकूल है।