सवारी की आवाजाही पर डोलता है पुल
बगहा। रामनगर - गोबर्द्धना मुख्यपथ में बकवा चंद्रौल गांव के पास करीब डेढ़ दशक पहले बना स्क्रू पाइप प
बगहा। रामनगर - गोबर्द्धना मुख्यपथ में बकवा चंद्रौल गांव के पास करीब डेढ़ दशक पहले बना स्क्रू पाइप पुल जर्जर हालत में पहुंच गया है। एक पहाड़ी नदी पर बना यह पुल वन बहुल पूरे उत्तरी इलाके को प्रखंड मुख्यालय रामनगर से सीधे - सीधे जोड़ता है। आलम यह है कि किसी भी सवारी के चढ़ते ही आज यह पुल जितना तेज हिलता है, उससे कहीं तेज सवारी से यात्रा करनेवालों का कलेजा कांपने लगता है। दोपहिया वाहनों के गुजरने पर भी पुल की जर्जरता साफ सामने आती है। इस पुल का निर्माण 1998 - 99 में तत्कालीन विधायक रामप्रसाद यादव की पहल पर हुआ था। बल्कि, इस महत्त्वपूर्ण पुल का निर्माण कराने के लिए लोग आज भी तत्कालीन विधायक का यशगान करते हैं। लेकिन निर्माण के दौरान बरती गयी अनियमितताओं का गवाह आज खुद यह पुल बन गया है। इस संबंध में ग्रामीण लखन राम, वशिस्ट पासवान, राजेंद्र साह, ध्रुप राम,लालबाबू प्रसाद,दिलीप महतो आदि ग्रामीणों का कहना है कि पुल की जर्जर हालत पांच वर्ष पहले से ही सामने आने लगी थी। अब तो इस पुल पर कभी भी किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। पुल को खस्ताहाल बनाने में उन चोरों का भी बड़ा योगदान है जिनलोगों ने इस पुल के लोहे के प्लेट व नट - बोल्ट खोल - खोलकर बेचने में बीते कुछ वर्ष के दौरान अपनी कारगुजारियां खूब दिखाई हैं।