बिहार के गन्ना मंत्री खुर्शेद की पुत्रवधू की सिलेंडर रिसाव में झुलसने से मौत
बिहार के गन्ना मंत्री खुर्शेद अहमद की बहू की दूध उबालने के दौरान गैस की आग की चपेट में आने से मौत हो गई है। घायल शाना को इलाज के लिए पटना ले जाया गया था।
पश्चिम चंपारण [जेएनएन ]। बिहार के गन्ना विकास मंत्री तथा सिकटा के विधायक खुर्शेद उर्फ फिरोज अहमद की पुत्रवधू शाना खातून की आग से झुलसने के कारण मौत हो गई है। वे मंत्री के बड़े बेटे आमिर सोहैल उर्फ शेख बबलू की पत्नी थीं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक मायके में रह रही शाना रविवार की रात दूध उबालने के दौरान जलने से गम्भीर रूप से जख्मी हो गई थीं।
पहले इलाज के लिए बेतिया ले जाया गया, जहां से स्थिति खराब देख चिकित्सको ने पटना रेफर कर दिया। बाद मे इलाज के दौरान पटना मे उनकी मौत हो गयी। वह अपने मायके बलथर थाना क्षेत्र के मुरली गांव में रह रही थी।बताते हैं कि गैस चूल्हे पर दूध गरम करने के दौरान सिलेंडर के रिसाव से आग लगी और शाना किचेन से बाहर निकलतीं तबतक बुरी तरह झुलस गई थीं।
शाना छह महीने की एक बेटी की मां थी। उनकी शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी। इस घटना से मंत्री के परिवार में शोक का माहौल है।