Move to Jagran APP

दूसरे दिन भी दहशत में रही पूरी आवाम

नरकटियागंज, संवाद सहयोगी : भूकंप से रविवार को एक बार फिर आम जनजीवन अशांत हो गया। लोग अफरातफरी के माह

By Edited By: Published: Sun, 26 Apr 2015 10:11 PM (IST)Updated: Sun, 26 Apr 2015 10:11 PM (IST)
दूसरे दिन भी दहशत में रही पूरी आवाम

नरकटियागंज, संवाद सहयोगी : भूकंप से रविवार को एक बार फिर आम जनजीवन अशांत हो गया। लोग अफरातफरी के माहौल में बार बार घरों से निकलते रहे। दोपहर बाद 12.38 बजे धरती के कंपन से लोग घरों, दफ्तरों एवं दुकानों को छोड़कर सड़कों पर आ गये। पुरुष एवं महिलाएं अपने-अपने बच्चों को साथ लेकर घरों से निकले और मोहल्ला छोड़ खाली जगह पर शरण ले लिया। क्षेत्र में अब तक आधा दर्जन झटके महसूस किये गये हैं। शनिवार को भूकंप की पहली घटना की तरह दूसरे दिन रविवार को भी धरती डोलने की घटना महसूस की गयी। वैसे अधिकांश दफ्तर बंद रहे लेकिन शिकारपुर थाना में पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों सहित जरूरतमंद लोगों की भीड़ धरती डोलने से दहशत में आकर पुराने भवन से बाहर निकल भागे। महात्मा गांधी रोड, मेन रोड नहर सहित मोहल्लों की गलियां संशय में जाने के लिए महिला पुरुषों से भरी हुई थी। अपने-अपने परिचितों से लोग मोबाइल पर संपर्क बनाने में लगे रहे। हालांकि इस घटना में नुकसान की कोई सूचना नहंी है। नरकटियागंज से संसू के अनुसार : शनिवार के दिन आये भूकंप के झटके का दहशत रात भर रहा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक लोगों में भय एवं हड़कंप की स्थिति मची रही। शाम में जब पांचवी बार भूकंप का झटका लगा, तो लोग घरों से निकलकर ईश्वर एवं लोगों को याद करने लगे और यह सिलसिला पूरी रात चलती रही। लोग खाली मैदान, तालाब का किनारा, मंदिर या सड़क पर पूरी रात गुजारे। गौनाहा से संवाद सहयोगी के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र में दूसरे दिन भी भूकंप का झटका महसूस किया गया। दोपहर बाद आये इस झटका से एक बार फिर लोग दहशत में आ गये। लोग अपने अपने घरों से निकलकर बाहर आ गये। पहले से ही लोग दहशत में समय काट रहे है। कार्यवाहक प्रखंड प्रमुख का फूस का घर उनके मार्सल गाड़ी पर गिर जाने से वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बता दे कि शनिवार को आये भूकंप से मटियरिया थाना के वाच टावर क्षतिग्रस्त हो गया है। पूर्व उप प्रमुख राजेश गढ़वाल, मदन पाठक , मोहम्मद परवेज सहित दर्जनाधिक लोगों के घर का चहारदिवारी गिर गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मनीटोला गांव व दोमाठ के पास गन्ना के खेत में जमीन फट गया है। जिसमें से पानी व बालू खेत में निकलने लगा। इधर ग्रामीणों ने बताया कि गम्हरिया गांव के पास खेत में एक काफी पुराना पक्का का सामान देखा जा रहा है। लोग उस स्थल पर पहुंचकर इसकी विस्तृत जानकारी लेने का प्रयास कर रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी जानकारी ग्रामीण प्रशासन को दी गयी है। इलाकों में लोग अधिकांश समय घर से बाहर गुजार रहे है। सगे संबंधियों व परिजनों से संपर्क बनाने में लोग लगे रहे। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने के लिए अपील किया जा रहा है। नरकटियागंज से संवाद सहयोगी के अनुसार, होनी को भला कौन टाल सकता है, लेकिन सतर्क रहने एवं सजगता से जान माल के नुकसान को रोका जा सकता है। यहीं वजह रहा कि एसडीओ कौशल कुमार को रात भर पूरी घटना की मॉनीटरिंग करते रहे। अनुमंडल के तमाम प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से मोबाइल के जरिये विधि-व्यवस्था एवं किसी प्रकार की अनहोनी की जानकारी एसडीओ लेते रहे। एसडीपीओ अमन कुमार, डीसीएलआर इश्तेयाक अहमद, एसएसबी के कमांडेंट सुनील कुमार, सीओ सुनील कुमार सिंह से लेकर सभी प्रखंडों के बीडीओ व सीओ से हालात की जानकारी ली जाती रही तथा लोगों को समझा बुझाकर इस आपदा से निबटने की नसीहत देते रहे। सहोदरा से संसू के अनुसार, थाना क्षेत्र के कुछ गांव में भूकंप के झटके से कुछ घरों की क्षति हुई है। प्रसंडा गांव में पंचम दहईत, राजपुर में अनिल कुमार सिंह का घर क्षतिग्रस्त हो गया है। वही जमुनिया के रघुवीर उच्च विद्यालय की चाहरदिवारी गिर गयी है। दूसरे दिन भी भूकंप के झटका से लोगों में अफरा तफरी मची रही। लोग दहशत में समय बिताते रहे। दोपहर बाद जमुनिया बाजार से गुजरने वाली सड़क महिला पुरूषों व बच्चों की भीड़ से पटी रही। नौतन से संवाद सूत्र के अनुसार, शनिवार को आये भूकंप के झटके ने फिर लोगों को घर से निकलने पर मजबूर कर दिया। लोग घर से निकलकर खाली स्थान की ओर भागते नजर आये। रविवार को करीब 12.40 बजे कुछ सेकेंड के लिए जोरदार का झटका महसूस हुआ। जिससे लोग अपने आपको बाहर निकलने से नहीं रोक पाये। लोगों में भूकंप का दहशत इस कदर छा गया कि लोग अपने घरों में भी जाने से कतरा रहे हैं। इसका नजारा शनिवार की रात्रि देखने को मिला, जहां लोग घर छोड़ सड़कों एवं खाली जगहों पर सोते दिखायी दिये। धूमनगर पंचायत में एक घर ध्वस्त हो गया। प्रखंड प्रशासन व थानाध्यक्ष की ओर से ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। उनके द्वारा क्षेत्र भ्रमण भी किये जा रहे हैं। मझौलिया से संसू के अनुसार, प्रखंड में आये भूकंप के झटके से मोहादीपुर पंचायत के बासड़ा भेड़ीहारी टोला निवासी शेख इस्लाम की पचपन वर्षीय पत्‍‌नी जसबानी खातून की हार्ट अटैक से हुई मौत के बाद रविवार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से बतौर मुआवजा बीडीओ प्रणव कुमार गिरी व सीओ वीरेंद्र मोहन ने संयुक्त रुप से मृतका के पति शेख इस्लाम को चार लाख का चेक स्थानीय जनप्रतिनिध के सामने प्रदान किया। मौके पर ग्राम कचहरी के सचिव भरत साह, वार्ड सदस्या चंदा देवी, चंदेश्वर राम, सैय्यद अब्दुल कलाम,शौकीन गद्दी समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे। बता दें कि बीती रात भी इस क्षेत्र के लोगों ने रातभर जागते हुए रात काटी। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। इस दौरान ग्रामीणों को किसी अफवाह में नहीं आने के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के द्वार जानकारी दी गयी। थानाध्यक्ष के द्वारा भी लोगों को इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत से रहने की अपील की गयी। इधर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में कई खपरैल घरों की गिरने की सूचना है जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। पूरे क्षेत्र में कई राजनीति दलों के कार्यकर्ताओं ने भ्रमण किया और लोगों के दहशत को कम किया। जदयू के जिला सचिव अरुण कुमार ठाकुर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष दूधनाथ सिंह,रामेश्वर पांडेय,नागेंद्र साह, संतोष तिवारी, बृजकिशोर पांडेय,रुपेश कुमार,राजद के युवा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत यादव,प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र मुखिया, उपाध्यक्ष अवध साह जय लाल यादव सहित कई लोगों ने लोगों का हाल जाना और उन्हें धैर्य बनाये रखने की अपील की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.