महिला का शव बरामद, हत्या की आशंका
गौनाहा, संवाद सहयोगी : थाना क्षेत्र के हरपुर घोठा गांव में रविवार को सड़ी गली हालत में एक महिला की ला
गौनाहा, संवाद सहयोगी : थाना क्षेत्र के हरपुर घोठा गांव में रविवार को सड़ी गली हालत में एक महिला की लाश बरामद की गयी। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में की गयी है। उसका पति प्रभू साह फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना पर घटनास्थल पहुंची गौनाहा पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए बेतिया भेजा जा रहा है। बताया जाता है कि उर्मिला देवी उसी गांव निवासी स्वर्गिय वैधनाथ साह की बेटी है। करीब 18-20 वर्ष पहले उर्मिला की शादी सरिसवा बाजार में हुई थी। कुछ दिन ससुराल रहने के बाद जब वह अपने मायके लौटी तो गांव के ही प्रभु साह के साथ फरार हो गयी। कुछ वर्ष बाहर रहने के बाद गांव में ही आकर वे पति पत्नी के रूप में रहने लगे। इस बीच उसे एक लड़की भी हुई जो असमय काल के गाल में समा गयी। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि पति पत्नी दोनों एक साथ शराब पीते थे। उनके बीच झगड़े भी होते थे। आपस में मारपीट भी करते थे। रविवार की सुबह किसी ग्रामीण ने उसके घर बंद होने और उसमें से बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। उसके बाद थानाध्यक्ष पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंचे। घर को जब खोला गया तो महिला का शव दरवाजे के समीप भूमि पर पड़ा हुआ पाया गया। शव से बदबू आ रही थी और उसमें कीड़े भी पड़ गये थे। शव को किसी तरह बाहर निकाला गया और अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस की छानबीन में प्रथमदृष्ट्या मामला हत्या का प्रतीत होता है। प्रतीत हो रहा है कि हत्या 10-12 दिन पहले की गयी है। घटना को लेकर गांव में अटकलों का बाजार गर्म है। चौकीदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मृत महिला के पति प्रभु साह के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्यवाई की जा रही है।