गंडक के जलस्तर में वृद्धि, दहशत
धनहा (प.च.), संवाद सूत्र :
गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि से लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। बारिश के कारण नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। वही जल वृद्धि से दियारा क्षेत्र में कटाव शुरू हो गया है। गंडक नदी पर बने बांधों को बचाने के लिए जाली में भरे वोल्डर को बांधों पर बिछाया गया है। लेकिन नदी का दबाव कायम है। गंडक पार के सेमरवारी, धनहा, रामनगरी, रेवहिया ससई, नैनहा, मदरहवा आदि गांवों के लोग बाढ़ के भय से पलायन की तैयारी में हैं। गंडक नदी में पानी इतना तेजी से बढ़ रहा है की इसका सीधा प्रभाव दियारावर्ती क्षेत्र की छोटी नदियों पर भी पड़ा है। रोहुआ समेत कई अन्य छोटी नदियां भी उफान पर हैं। रेवहिया निवासी ललन यादव ने बताया की रोहुआ नदी में पानी भर गया है। यदि यहीं स्थिति रही तो आने वाले दिनों में कई गांव जलमग्न हो जाएंगे। मजबूरन ग्रामीणों को रतवल धनहां बांध की शरण लेनी पड़ेगी। बाढ़ से निजात के लिए व्यवस्था पर प्रखंड विभाग पदाधिकारी रघुवीर प्रसाद ने बताया की लोग गंडक नदी के बाद से लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। यदि बाढ़ का प्रकोप इन क्षेत्रों में पड़ता है तो वहा के ग्रामीणों को पुरी मदद की जाएगी। उन्होंने बताया की गंडक नदी से बचाव के लिए स्थानीय लोगों के लिए नाव एवं खाद्यान दोनों ही व्यवस्था करायी जाएगी।