बाढ़ पीड़ितों ने मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को बनाया बंधक, कहा- नहीं मिल रही राहत
बिहार के वैशाली में आज बाढ़ पीड़ितों ने केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को बंधक बना लिया। वे राहत सामग्री नहीं मिलने से नाराज थे।
पटना [वेब डेस्क]। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री व राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा को बिहार के वैशाली में स्थानीय लोगों ने बंधक बना लिया।। कुशवाहा वैशाली के महनार थाना अंतर्गत हसनपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने गए थे।
जानकारी के अनुसार मंत्री उपेंद्र कुशवाहा जैसे ही हसनपुर पहुंचे, बाढ़ पीड़ित अपनी समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर करने लगे। वे राहत नहीं मिलने से नाराज दिखे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री लाख समझाते रहे कि वे खुद बाढ़ पीड़ितों की समस्या से व्यथित हैं और उनकी पीड़ा जानने ही उनके गांव पहुंचे हैं। लेकिन लोग सुनने को तैयार नहीं थे।
पढ़ेंः बिहार में बाढ़ः गंगा खतरे के निशान से ऊपर, भागलपुर का सड़क संपर्क टूटा
लोगों का कहना था कि वे बाढ़ से बेहाल है्ं और कोई प्रशासनिक पदाधिकारी उनकी पीड़ा सुनने को तैयार नहीं। कई गांवों में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। दिखावे का राहत बंट रहा है। प्रशासनिक पदाधिकारी लोगों की पीड़ा के प्रति बेफिक्र हैं। लोगों ने प्रशासन और सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। बाद में कुशवाहा आगे बढ़ पाए।
उल्लेखनीय है कि इसी प्रखंड के शाहपुर गांव में पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के पैतृक गांव शाहपुर मे भी पानी आ गया है जिससे वे राज्य सरकार पर भड़के हुए हैं। रघुवंश ने रविवार को ही नीतीश पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रचार तंत्र से काम नहीं चलेगा, सरकार काम करे।
इसे भी पढ़ेंः रघुवंश ने फिर साधा नीतीश पर निशाना, कहा-प्रचार छोड़ काम करे सरकार