पंचायत चुनाव में ससुर व पुत्रवधू आमने-सामने
हाजीपुर। पंचायत परिसीमन का प्रारूप बदल जाने से इस बार लगभग सभी पंचायतों में चुनाव लड़ने वाले
हाजीपुर। पंचायत परिसीमन का प्रारूप बदल जाने से इस बार लगभग सभी पंचायतों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की भरमार है। हम किसी से कम नहीं की तर्ज पर एक दर्जन से अधिक प्रत्याशी हर पंचायत में आमने सामने हैं। अपने पराये का भेद मिटाकर स्वार्थ वशीभूत होकर प्रत्याशी चुनाव मैदान में कूद पड़े हैं। हाजीपुर प्रखंड क्षेत्र के 26 पंचायतों में आठवें चरण के दौरान आगामी 22 मई को मतदान होना है। मतदाताओं के समक्ष असमंजस की स्थिति है। सभी प्रत्याशी को जनता निराश नहीं करना चाहते हैं। अगर प्रत्याशी अपना धैर्य खोकर स्वार्थवश चुनाव मैदान में खड़े हैं तो मतदाता भी अभी चुप्पी साधे हुए हैं। अंतिम समय में पासा किस तरफ करवट बदलेगा यह कहना मुश्किल है। दौलतपुर देवरिया पंचायत इसका जीवंत उदाहरण है। जहां ससुर एवं पुत्रबधू चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं। दोनों की लालसा मुखिया बनने की है। इन दोनों के अलावे मुखिया पद के और सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। लगभग सात हजार मतदाताओं पर सभी नौ प्रत्याशी की निगाहें टिकी हुई है। सिर्फ दौलतपुर देवरिया ही नहीं आस पड़ोस के पंचायत में ससुर-पतोह का मुखिया पद पर एक साथ चुनाव लड़ना चर्चा का विषय बना हुआ है।