नयागांव में युवक की हत्या कर फेंका गया शव मिला
संवाद सहयोगी, सोनपुर : सोनपुर अनुमंडल के नयागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार की अहले
संवाद सहयोगी, सोनपुर : सोनपुर अनुमंडल के नयागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार की अहले सुबह स्टेशन के समीप खेत में हत्या कर फेंकी गई एक युवक की लाश को बरामद किया। शव मिलने से वहां सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान बहेरवा गाछी के राजेश सहनी के पुत्र रवि कुमार सहनी के रूप में की गई है। शव को देखने से लग रहा था कि रवि की गला घोंटकर हत्या की गई है।
इस बाबत नयागांव के थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में मृतक के पिता के बयान पर नयागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में मृतक के पिता राजेश सहनी ने पांच लोगों को आरोपित किया है। आरोप है कि रवि को उसके घर से राजू सहनी और उमा सहनी घूमने के बहाने बुलाकर ले गए। जब वह देर रात तक नहीं लौटा तब उसकी खोजबीन शुरू की गई। बुलाने वालों के घर जाकर पता लगाया गया तो वे लोग भी गायब मिले।
सूचक ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2015 में गांव के ही सुरेश सहनी की पत्नी दौड़ती देवी ने उसके बेटे रवि पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में उसका बेटा लगभग दो वर्षों से जेल में बंद था। अभी हफ्ते भर पहले वह जमानत पर बाहर आया था। इसी बीच यह घटना घटी।
इस मामले में सुरेश सहनी, राजू सहनी, उमा सहनी, चंदन सहनी तथा बारूद सहनी को आरोपित किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में सुरेश सहनी और उसके पुत्र चंदन सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।