ईद पर खुदा की बंदगी में उठे लाखों हाथों
एक माह तक पवित्र माह-ए-रमजान में रोजा पूरी पाकीजगी के साथ रोजा रखने के बाद सोमवार को पूरे जिले में हर्षोल्लस व उमंग के साथ ईद का त्योहार मनाया गया।
वैशाली। एक माह तक पवित्र माह-ए-रमजान में रोजा पूरी पाकीजगी के साथ रोजा रखने के बाद सोमवार को पूरे जिले में हर्षोल्लस व उमंग के साथ ईद का त्योहार मनाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सोमवार की सुबह लाखों नमाजियों ने सजदा किया व ईद की नमाज अदा की। साथ ही मुल्क-ओ-मिल्लत की तरक्की के लिए अल्लाह से दुआ की। सोमवार को नमाज के लिए निर्धारित समय से पहले ही लोगों ने ईदगाह का रूख कर लिया। सवेरे से ही नमाजियों की शफें ईदगाह मैदान पर लगने लगी। नमाज का समय नजदीक आते आते आलम ये हुआ कि ईदगाह परिसर में पांव रखने की जगह नहीं मिली। ईदगाह फुल होने के बाद नमाजियों ने सड़क तक शफें लगाकर नमाज अदा की। नमाज से पूर्व दीन ओ ईमान पर चलने की नसीहतों के बीच नमाज, फितरा व जकात की अहमियत पर रोशनी डाली। मिलजुल कर आपसी भाईचारे को कायम रखने पर जोर दिया। निर्धारित समय पर नमाज अदा करने के बाद दुआ कराई गई। खुदा की बंदगी में उठे लाखों हाथों ने कौम की तरक्की और अमन की दुआ मांगी। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की पुरखुलूस मुबारक बाद पेश की। नमाज के घंटों बाद तक ईदगाह व आसपास एक दूसरे को गले मिलकर बंधाई देने का सिलसिला जारी रहा। ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। हाजीपुर में मुसलमान भाइयों ने चौक मस्जिद, संगी मस्जिद, जढ़ुआ ईदगाह, बागटोला ईदगाह, मीनापुर ईदगाह, पोखरा मस्जिद, जामा मस्जिद बागमली, अक्षयवट राय स्टेडियम, मदीना मस्जिद, आशियाना कॉलोनी मस्जिद, नूरी मस्जिद पठान टोली, अनवरपुर आदि मस्जिदों व ईदगाह में मुसलमान भाइयों ने ईद की नमाज की अता की।