स्वतंत्रता सेनानी चंद्रकिशोर मिश्र पंचतत्व में विलीन
वैशाली। स्वतंत्रता सेनानी चंद्र किशोर मिश्रा का निधन शुक्रवार की अहले सुबह हो गया। वे 96 वर्ष के थे।
वैशाली। स्वतंत्रता सेनानी चंद्र किशोर मिश्रा का निधन शुक्रवार की अहले सुबह हो गया। वे 96 वर्ष के थे। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं। स्वतंत्रता सेनानी की मौत की खबर पर उनके घर पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। शोक संतप्त परिवार को ढांढस देने हाजीपुर के विधायक अवधेश कुमार ,जिला प्रशासन के भी कई पदाधिकारी आवास पर पहुंचे। स्वतंत्रता सेनानी का दाह संस्कार ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर पूरे सम्मान के साथ किया गया। विधायक अवधेश कुमार ने कहा कि आजादी के आंदोलन में दिवंगत मिश्र की अहम भूमिका थी। उनके योगदानों को वैशाली की धरती कभी भुला नहीं पायेगी। इस मौके पर शोक व्यक्त करने वालों में संजय सिंह, निकेत कुमार, प्रमोद कुमार सिंह, संतोष कुमार, रवीन्द्र सिंह, नागेश्वर प्रसाद, राकेश कुमार, श्रवण कुमार, सुरेन्द्र प्रसाद समेत काफी संख्या में वार्ड पार्षद उपस्थित थे। दिवंगत मिश्रा के जेयष्ठ सुपुत्र रजनीश कुमार उर्फ चुन्नू मिश्र ने मुखाग्नि दी। लोगों ने बताया कि उस जमाने में जब आजादी की लड़ाई चल रही थी, शहर के गांधी आश्रम के बाद हेला बाजार एवं रामभद्र मोहल्ला आंदोलनकारियों का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। दिवंगत मिश्र के घर लाल कोठी में आंदोलनकारियों की गुप्त बैठकें हुआ करती थी एवं अंग्रेजों के खिलाफ जंग की रणनीति बनती थी। इसी मुहल्ले में रहते थे महान स्वतंत्रता सेनानी गुलजार पटेल। कई और स्वतंत्रता सेनानी इसी मुहल्ले के थे।