हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड का होगा दोहरीकरण : डीआरएम
संवाद सहयोगी, सोनपुर : हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड का दोहरीकरण होगा। इस पर 720 करोड़ की लागत आयेगी। यात्री
संवाद सहयोगी, सोनपुर : हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड का दोहरीकरण होगा। इस पर 720 करोड़ की लागत आयेगी। यात्री सुविधा के विस्तार के लिए 450 करोड़ की कार्य योजना तैयार किया गया है। जिसमें 20 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। सोनपुर मंडल को इसके लिए पौने आठ करोड़ रुपए प्राप्त हो चुके हैं। सोनपुर रेल मंडल के 16 ऐसे स्टेशनों को चिन्हित किया गया है जहां यात्री सुविधा के उद्देश्य से पंप द्वारा शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जायेगी। हाजीपुर-सुगौली के बीच घोसवर स्टेशन का बहुत जल्द बनकर तैयार होगा। इस बार विभिन्न स्टेशनों पर छह आरओवी की स्वीकृति की गयी है। स्वच्छ भारत के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों को वहां की स्थानीय संस्कृति से जोड़ा जायेगा।
यह बातें सोमवार को सोनपुर के डीआरएम राजेश तिवारी ने कही। वे यहां मंडल मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। श्री तिवारी ने कहा कि रेल यात्रियों को उपभोक्ता पखवारा का आयोजन इस मंडल 26 मई से 9 जून तक किया गया है। इस बीच मंडल के अधिकारी प्रत्येक जिले में जाकर वहां के लोगों से मिलेंगे तथा रेल संबंधी समस्याएं सुनेंगे एवं यात्रियों को सफर के दौरान आने वाली कठिनाइयों को भी जानेंगे। मंडल के लगभग प्रत्येक स्टेशनों से भी संपर्क किया जायेगा। समस्याओं से भी मंडल मुख्यालय अवगत होकर उसका निष्पादन करेगा। इस पखवारे का मूल उद्देश्य यात्रियों में विश्वास पैदा करना है। इसी क्रम में जिस क्षेत्र की जो भी संस्कृति अथवा जिसके लिए क्षेत्र विख्यात है उन चीजों को स्टेशन पर प्रिंटिंग आदि कलाकृतियों के माध्यम से दर्शाया जायेगा। डीआरएम ने कहा कि 22 स्टेशनों पर अशक्त और विकलांग यात्रियों के लिए ब्हील चेयर और फुटपाथ की व्यवस्था की जायेगी। हाजीपुर स्टेशन का विस्तार होगा। उन्होंने लोडिंग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें भी सुधार का प्रयास हो रहा है। डीआरएम ने बताया कि इस वर्ष मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधा से संबंधित अनेक विस्तार किये गये हैं। सीनियर डीसीएम दिलीप कुमार ने कहा कि इस वर्ष बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते 41520 लोग पकड़े गये जिनसे बतौर किराया और जुर्माना 1 करोड़ 76 लाख रुपये की रेलवे राजस्व की प्राप्ति हुई। यह आंकड़ा गत वर्ष की तुलना में 49 प्रतिशत ज्यादा है। उन्होंने कहा कि टिकट चेकिंग पर बहुत जोर दिया जा रहा है। यह आंकड़ा प्रस्तुत होने पर डीआरएम ने आश्चर्य प्रकट करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोग पकड़े जाते हैं बावजूद बिना टिकट यात्रा की आदत नहीं छूटना हैरत की बात है। डीआरएम ने यात्री सुविधा के लिए टिकट खिड़कियों की सुविधा बढ़ाये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब 50 प्रतिशत से ज्यादा यात्री ई टिकट ले रहे हैं और लोगों के लिए टिकट की सुविधा कैसे बढ़े इसे और विस्तारित किया जायेगा। इस मौके पर सीनियर डीएमई एके चंदन, डीपीओ उज्जवल आनंद, अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा सीनियर डीईई केएन सिंह सहित अनेक वरीय अधिकारी मौजूद थे।