घर से उठा तेजदार हथियार से गला रेत हत्या
संवाद सूत्र, पातेपुर : तिसिऔता थाना क्षेत्र के महथी पंचायत के मतैया गांव में शुक्रवार की रात एक व्यक
संवाद सूत्र, पातेपुर : तिसिऔता थाना क्षेत्र के महथी पंचायत के मतैया गांव में शुक्रवार की रात एक व्यक्ति को घर से उठा ले जाकर तेजदार हथियार से गला रेत कर निर्ममतापूर्व हत्या कर दी गयी। हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी।
जानकारी के अनुसार मतैया गांव निवासी 58 वर्षीय रामचंद्र महतो खाना खाकर अपने दरवाजे पर सोए हुए थे। इसी दौरान हमलावर उन्हें दरवाजे पर से उठा ले गए। घर से लगभग दो सौ गज की दूरी पर चौंर में उगी इंकरी की झाड़ी में ले जाकर तेज धारदार हथियार से गला रेत कर निर्ममतापूर्वक उनकी हत्या कर दी। रात्रि करीब नौ बजे उन्हें दरवाजे पर न देख कर परिजन खोजबीन में लग गये। परिजनों को अंदेशा हुआ कि कहीं शौचालय गये होंगे। उन्हें खोजने निकल पड़े। परिजनों के साथ ग्रामीण भी खोजबीन कर रहे थे। घर के पीछे खोजने के लिए निकले लोगों ने रास्ते में एक चप्पल एवं पानी से भरा भरा लोटा पाया। अनहोनी की आशंका प्रकट कर लोग आगे बढ़ते गए। करीब डेढ़ सौ गज की दूरी पर इकरी में खून से लथपथ रामचंद्र महतो का शव पड़ा पाया गया। परिजनों ने सूचना तिसिऔता थाना को दी। तिसिऔता थानाध्यक्ष धर्मवीर कुमार भारती घटनास्थल पर पहुंचे। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। घटना की सूचना पाकर शनिवार की अहले सुबह डीएसपी प्रीतीश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के छोटे पुत्र रमेश कुमार महतो के फर्द बयान पर चार अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। तिसिऔता पुलिस अनुसंधान में जुट गयी है। सूचक मृतक के पुत्र ने हत्या के पीछे जमीनी विवाद बताया है। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस कांड के गहन के गहन जांच में जुट गयी है। घटना की सूचना पर स्थानीय जिला पार्षद सदस्य अजय कुमार सिंह, पूर्व मुखिया जितेन्द्र भारती, मुखिया प्रदीप राम मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। मुखिया प्रदीप राम के ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत परिजन को दाह-संस्कार के लिए 1500 रुपये तत्काल उपलब्ध कराया।