वैशाली के चकअल्हदाद में जनजीवन पूरी तरह सामान्य
संवाद सूत्र, वैशाली : जिला प्रशासन की मुस्तैदी से वैशाली के चकअल्हदाद गांव में जनजीवन बिल्कुल ही साम
संवाद सूत्र, वैशाली : जिला प्रशासन की मुस्तैदी से वैशाली के चकअल्हदाद गांव में जनजीवन बिल्कुल ही सामान्य हो गया है। गांव के लोग अपने घरों से निकल कर अपने रोजमर्रे के काम में जुट गए हैं। विभिन्न दलों के नेता भी मौके पर पहुंच कर राजनीति करने के बजाए शांति बहाली में अपना योगदान दे रहे हैं।
डीएम बिनोद सिंह गुंजियाल के आदेश पर चकअल्हदाद में घटना के दिन से ही तैनात किए हाजीपुर एसडीओ हाजीपुर सोमेश बहादुर माथुर, एसडीपीओ पंकज रावत, बीडीओ पंकज कुमार, सीओ धीरज कुमार, थानाध्यक्ष रीतेश कुमार मंडल के अलावा प्रखंड की कई सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका शांति बहाली की दिशा में अनवरत प्रयास में जुटे रहे। उन सभी की तत्परता का ही परिणाम रहा कि ग्रामीण जनजीवन पटरी पर आ गयी है। वहीं दूसरी ओर विभिन्न दलों के नेताओं का आगमन भी लगातार जारी रहा। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश के नेता संजय कुमार मिश्रा के साथ जिला प्रवक्ता विनोद कुमार सिंह, गणेश सिंह कुशवाहा, दीपक ठाकुर, विकास कुशवाहा आदि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। पीड़ित परिवार का आंसू पोंछने के साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। दुखद घटना के बाद धैर्य का परिचय देते हुए संयम बरत कर सामाजिक माहौल बनाए रखने के लिए गांव के लोगों का खास तौर पर आभार जताया। कांग्रेस नेताओं ने कांड के तत्काल बाद पीड़ित परिवार को मुआवजा व अन्य सहायता प्रदान करने के लिए सरकार और खास तौर पर जिला प्रशासन की सराहना की। बताते चलें कि शुक्रवार को यहां मुस्तैद पदाधिकारियों ने खास तौर गांव का जनजीवन सामान्य होने पर संतोष प्रकट किया। पदाधिकारियों ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। शुक्रवार को दोपहर बाद डीआरडीए के निदेशक ने भी चकअल्हदाद का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
चिकित्सकों को बुला बीमार वृद्ध महिला का कराया इलाज
वैशाली के चकअल्हदाद में जिला प्रशासन हर स्थिति पर नजर रख रही है। पीड़ित परिवार की देखरेख के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह सीडीपीओ के नेतृत्व में महिला पर्यवेक्षिकाओं नेपदाधिकारियों को सूचित किया कि पीड़ित परिवार की एक वृद्ध महिला की तबियत खराब हो गयी है। सूचना मिलने के साथ एसडीओ ने बीडीओ को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से चिकित्सकों को बुलाकर वृद्धा का तत्काल इलाज कराने का आदेश दिया। तत्काल ही आदेश का अनुपालन हुआ। वैशाली से आये चिकित्सकों ने महिला का इलाज किया।