महुआ का संपूर्ण विकास पहली प्राथमिकता : विधायक
संवाद सहयोगी, महुआ : महुआ प्रखंड के फतहपुर पकड़ी पंचायत के वाया नदी पर बनने वाली बिहार राज्य पुल निगम
संवाद सहयोगी, महुआ : महुआ प्रखंड के फतहपुर पकड़ी पंचायत के वाया नदी पर बनने वाली बिहार राज्य पुल निगम के माध्यम से 2 करोड़ 74 लाख रूपये की राशि से मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना का विधिवत शिलान्यास डा. रवींद्र यादव ने किया। कृभको के पूर्व निदेशक शिव नारायण मिश्रा की अध्यक्षता एवं पंचायत के मुखिया पति संजय कुमार मिश्रा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महुआ विधायक डा. रवींद्र यादव ने कहा कि महुआ विधानसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि विधानसभा चुनाव के वक्त वाया नदी पर तीन पुल का निर्माण कराने का उन्होंने वादा किया था। जिसमें से एक पुल का निर्माण कार्य सिंघाड़ा हजमा घाट में पूर्ण हो चुका है। शीघ्र ही बहोरी एवं फतहपुर पकड़ी में भी निर्माण कार्य पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि फतहपुर पकड़ी एवं पहाड़पुर पंचायत के बीच वाया नदी पर पुल नहीं रहने के कारण लगभग दो दर्जन गांव के लोगों को 10 से 12 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। लेकिन वर्षो की यह समस्या अब कुछ माह में ही हल हो जाएगी। विधायक डा. यादव ने कहा कि अपने चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान महुआ के विकास के लिए वह हमेशा तत्पर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि महुआ में बीस घंटे तक जहां विद्युत आपूर्ति रहती है। वहीं महुआ बाजार के विकास के लिए इसे नगर पंचायत का दर्जा दिलाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायतों में सड़क निर्माण के अलावा कई विकास योजनाओं को संचालित किया गया है। सभा को पूर्व सरपंच, पूर्व मुखिया शिव नारायण मिश्र, नागेश्वर मिश्र, अमरनाथ मिश्रा, शेखर शर्मा, कृष्ण कुमार भार्गव, टुनटुन प्रसाद सिंह, जय प्रकाश बरनाला, राज मंगल मिश्र, मनोज कुमार, किशन कुमार, रवींद्र कुमार, मो. अनवारूल, मुकेश कुमार आदि ने संबोधित किया।