जहरीला बीज खाने से सात बच्चे बीमार
जागरण संवाददाता, हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के गौसपुर इजरा गांव में सोमवार की शाम जहरीला बीज खाने से
जागरण संवाददाता, हाजीपुर
सदर थाना क्षेत्र के गौसपुर इजरा गांव में सोमवार की शाम जहरीला बीज खाने से सात बच्चे गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। सभी बच्चों को उनके परिजनों ने इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम बीमार बच्चों के इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के गौसपुर इजरा गांव की महिलाएं सोमवार को मौनी अमावस्या पर्व को लेकर गांव में ही स्थित एक पोखर में गई हुई थी। महिलाएं पूजा-पाठ में व्यस्त थीं। उन सभी के बच्चे एक झुंड में पोखर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चे खेलते-खेलते एक पेड़ के पास पहुंचे। पेड़ के नीचे बादाम की तरह का कोई बीज गिरा हुआ था। बच्चों ने उसे बादाम समझ कर खा लिया। इसे खाते ही बच्चे बीमार पड़ने लगे। सभी को कै-दस्त शुरू हो गई। महिलाएं कुछ समझ नहीं पाई और ठंड लगने की आशंका से सभी बच्चों को घर ले आई। स्थानीय स्तर पर सभी का इलाज हुआ लेकिन स्थिति गंभीर होते देख परिजन ग्रामीणो की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम बच्चों के इलाज में जुटी हुई है। पूछे जाने पर बच्चों ने पेड़ के नीचे बादाम जैसी कोई चीज खाने की बात बतायी। बाद में ग्रामीणों ने उक्त स्थल पर जाकर देखा कि बादाम की तरह का बीज उक्त स्थल पर काफी मात्रा में गिरा हुआ है। गंभीर रूप से बीमार बच्चों में अवधेश पासवान का सात वर्षीय पुत्र अंकित कुमार, राम नरेश पासवान की 6 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, 5 वर्षीय सोनाली कुमारी, रमेश पासवान का 6 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार, दरोगा पासवान का 4 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार, 6 वर्षीय पुत्र नीतेश कुमार तथा सरोज पासवान की चार वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी शामिल है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. यूपी वर्मा नेबताया कि सभी का इलाज चिकित्सकों की टीम कर रही है। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पेड़ सरकारी भूमि पर लगा हुआ है। जिससे गिरने वाला बीज जहरीला है। इसकी जानकारी संबंधित पदाधिकारी को दे दी गई है।