विदेशिया का मंचन कर भोजपुरी के शेक्सपियर को श्रद्धांजलि
जागरण संवाददाता, हाजीपुर हाजीपुर के रंगकर्मियों ने महान लोक कलाकार भिखारी ठाकुर को उनकी ही अमर कृ
जागरण संवाददाता, हाजीपुर
हाजीपुर के रंगकर्मियों ने महान लोक कलाकार भिखारी ठाकुर को उनकी ही अमर कृति विदेशिया नाटक का सफल मंचन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
महान लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की 127 वीं जयंती के उपलक्ष्य में हाजीपुर के नगर भवन में वैशाली सांस्कृतिक मोर्चा के तत्वावधान में शहर की नाट्य संस्था रंगमंडल के कलाकरों ने स्व. ठाकुर की अमर कृति विदेशिया नाटक का मंचन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन हाजीपुर भाजपा विधायक अवधेश सिंह एवं नगर परिषद सभापति हैदर अली ने संयुक्त रुप से किया। इस मौके पर वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर उपेक्षित, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, प्रतिज्ञा सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव संजय कुमार सिंह, शिक्षाविद् रघुवंश सिंह आदि गणमान्य उपस्थित थे। मंच का संचालन मोर्चा के महासचिव क्षितिज प्रकाश ने किया। रंगकर्मी अरविंद कुमार ने नाटक निर्देशन किया। इस दौरान कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से महान लोक कलाकार स्व. भिखारी ठाकुर की एतिहासिक नाटक विदेशिया को नगर भवन में साकार कर दिया। संगीत निर्देशन राम जनम राजन ने किया। नाटक में भिखारी ठाकुर की भूमिका अरविंद कुमार, बटोही की भूमिका शिव कुमार शिवा, प्यारी सुंदरी की भूमिका कुमारी अर्चना, रखैलिन की भूमिका रजनी राय, विदेशी की भूमिका सुबोध सोनपुरी एवं जोकर व देवर की भूमिका वीपी सिंह पंछी ने बखूबी निभाई। नाटक के अन्य पात्रों के रुप में मिथुन, कुंदन, पवन, राजू, बाल कलाकार समृद्धि ने पूरा न्याय किया। मां की भूमिका प्रसिद्ध महिला रंगकर्मी सुधा वर्मा ने निभाई। संगीत संयोजन में मनोज सुमन, शिलानाथ व अन्य कलाकारों ने सशक्त उपस्थिति दर्ज करायी।