मंडई डीह गांव में गरीब का घर फूंका, तनाव
संवाद सूत्र, पातेपुर पातेपुर थाना क्षेत्र के मंडई डीह गांव में दर्जनों की संख्या में दबंगों ने हमल
संवाद सूत्र, पातेपुर
पातेपुर थाना क्षेत्र के मंडई डीह गांव में दर्जनों की संख्या में दबंगों ने हमला एक गरीब व्यक्ति के घर पर धावा बोल दिया। घर में घुस कर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर घर को फूंक डाला।
सूचना मिलने के बाद पातेपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा घायलों को इलाज के लिए पीएचसी लेकर आई। दबंगों के साथ पुलिस की धौंस पर पीड़ित परिवार ने न तो इलाज कराया और न ही इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। सभी पीड़ित बैरंग वापस लौट गए। कमजोर परिवार पर किए गए हमले को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। स्थानीय पंच मामले की लीपापोती करने में लगे हैं। बाद में पीड़ित पक्ष के लोगों में एक द्वारा मुकदमा दायर करने की सूचना है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंडई डीह पंचायत के सलेमपुर सलखनी गांव में चित्रगुप्त पूजा के दौरान आरकेस्ट्रा का कार्यक्रम था। कार्यक्रम देखने के दौरान मंडई डीह दक्षिणी में दो युवक आपस में उलझ गए। इसी बीच भज्जू साह के पुत्र धनंजय की यादव टोले के युवकों ने जबर्दस्त पिटाई कर उसे जख्मी कर दिया। थाने में जब वह केस करने जा रहा था तो पंचों ने उसे रास्ते में ही रोक लिया। शुक्रवार को स्थानीय दुर्गा स्थान पर पंचायत होनी थी। पंचायत से पूर्व ही बुधवार की सुबह 30-40 की संख्या में युवकों ने हमला बोल राम नरेश साह की झोपड़ी में आग लगा दी। साथ ही हमलावरों ने उनके घर में घुस कर तोड़फोड़ की। घर की महिलाओं शकुन्तला देवी, सुनीता देवी, मंजू देवी को मारपीट कर घायल कर दिया। इन महिलाओं ने दबंगों पर मारपीट कर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस के साथ वे लोग थाने तक आए। पुलिस ने पहले उन्हें इलाज के लिए पीएचसी भेजा। पातेपुर पुलिस ने काण्ड से अनभिज्ञता जाहिर की है। जबकि पीड़ित पक्ष में मामले को कोर्ट में दायर करने की बात कही है। घटना को लेकर गांव में तनाव फैला है।