गूंगे व बहरे व्यक्ति को धारदार हथियार से काटा
संवाद सूत्र, लालगंज : लालगंज के पोझिया गांव में गुरुवार की रात अपराधियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। मृत्यंजय ठाकुर नामक गूंगे और बहरे एक व्यक्ति का गला रेत कर उसे जान से मारने का प्रयास किया गया। खून से लथपथ हालत में अपराधी उसे मरा समझ कर उसे वहीं छोड़ कर भाग गए। सुबह में लोगों ने उसे खून से लथपथ पाया तब उसे उठाकर इलाज के लिए लालगंज के एक निजी क्लीनिक ले गए। जानकारी के अनुसार घायल मृत्युंजय ठाकुर गूंगा और बहरा है। रोज रात को वह सोने के लिए पोझिया स्कूल के पास वह अपने दालान पर जाता था। बीती रात भी जब वह घर से खाना खाने के बाद सोने वह दलान पर गया तो आधी रात को उसे स्कूल में कुछ लोगों के आहट के साथ रोशनी दिखाई दी। जब वह स्कूल पर उन्हें देखने पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद चार-पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और ईट से उसकी पिटाई की और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। अपराधियों ने निर्ममता की हद पार करते हुए उसके गले में लकड़ी तक घुसेर दिया। लेकिन मारने वाले से बचाने वाला बड़ा होता है। उसने सारी बातें इशारे से उक्त क्लीनिक में समझाया। उसके हाथ-पैर पर भी गहरे जख्म के निशान थे। परिजनों ने बताया कि गांव में उसकी किसी के साथ दुश्मनी नहीं है। सीधा-सादा होने के चलते पूरे गांव के लोग इसे प्यार करते हैं। हालांकि परिजन यह बता रहे थे कि कुछ दिनों से पोझिया स्कूल पर रोज रात को अज्ञात लोग आते हैं। यह बातें घायल व्यक्ति ने गांव के कुछ लोगों को पूर्व में ही बताई थी। घायल के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।