महनार में तीन दिनों से टेंपो का पहिया ठप
संवाद सहयोगी, महनार
महनार में टेंपो चालकों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। टेंपो के हड़ताल के कारण महनार में यातायात व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है और लोगों को कहीं भी आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वैशाली जिला यात्री वाहन कर्मचारी संघ महनार के आह्वान पर सोमवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार और बुधवार को भी जारी रहा। हड़ताल के तीसरे दिन टेंपो चालकों ने बैठक कर हड़ताल को पूरी तरह से सफल बताया और कहा कि मांगे पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। उनकी मांगे हैं कि महनार नगर पंचायत क्षेत्र के ठेकेदार की मनमानी पर रोक लगाई जाए तथा उनके द्वारा की जा रही अवैध वसूली को बंद किया जाए। भारतीय मजदूर संघ के निजी वाहन कर्मचारी संघ प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी राम बाबू सिंह ने कहा कि मांगे पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। वहीं दूसरी ओर रालोसपा के जिला महासचिव श्याम बाबू साह और महनार विकास मोर्चा के आनंद जायसवाल ने कहा है कि हड़ताल के कारण लोगों को भारी कठिनाई हो रही है। प्रशासन को चाहिए कि वह शीघ्र ही टेंपो चालकों की समस्याओं का समाधान करे ताकि लोगों को कठिनाई से राहत मिल सके। हड़ताल के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है। महनार से सटे विलट चौक, चांदपुरा, महनार रोड स्टेशन, सलहा, जंदाहा, हसनपुर, धमन एवं मोहिउद्दीननगर आने-जाने वालों को हड़ताल के कारण कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।