पूर्व मध्य रेल के सीपीओ व चीफ इंजीनियर को घेरा
जागरण संवाददाता, हाजीपुर
विगत चार माह से मुख्यालय के एक ग्रुप डी कर्मचारी को वेटिंग फार ड्यूटी पर रखने तथा उसके वेतन का भुगतान नहीं किये जाने समेत मुख्यालय में पेयजल की समस्या को लेकर गुस्साए ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने बुधवार को पूर्व मध्य रेल के मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं मुख्य अभियंता का घेराव किया।
केन्द्रीय संगठन मंत्री मनीष कुमार के नेतृत्व में मुख्यालय शाखा के सैकड़ों कर्मचारी नेताओं ने मुख्यालय के समक्ष एकजुट होकर प्रशासन द्वारा लंबित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर के विरोध में जमकर नारेबाजी की। बताया गया है कि आदेशपाल अमरनाथ प्रसाद को मुख्य कार्मिक अधिकारी द्वारा बेवजह वेटिंग फार ड्यूटी रखा गया है। साथ ही उनके वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया। जिसके कारण भुक्तभोगी कर्मचारी एवं उनके परिवार के समक्ष भूखे मरने की नौबत आ गई थी। इन्हीं कारणों से मुख्यालय के कर्मचारी आक्रोश में आ गये। इसके उपरांत ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के मुख्यालय शाखा के केन्द्रीय परिषद सदस्य सुनील कुमार, उपाध्यक्ष एनके पांडेय, सहायक सचिव मो. फजल ईमाम, दीनानाथ प्रसाद, बालमुकुंद कुमार, विजेन्द्र कुमार सिंह, अजय कुमार, लालशंकार प्रसाद, शत्रुघ्न कुमार पासवान, यूनियन पदाधिकारी के साथ-साथ मुख्यालय के तमाम कर्मचारियों के साथ मिलकर मुख्य कार्मिक अधिकारी का घेराव किया। काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार मुख्य कार्मिक अधिकारी ने इसे प्रशासनिक गलती मानते हुए उक्त कर्मचारी को मुख्यालय में योगदान करवाया। वहीं प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर का घेराव मुख्यालय में पीने के पानी की समूचित उपलब्धता के लिए किया गया। इसके फलस्वरूप चीफ प्लानिंग डिजाइन इंजीनियर ने अविलंब मुख्यालय कर्मचारियों हेतु पीने की पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उक्त घेराव के कार्यक्रम में लगभग पांच सौ कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। अंत में केन्द्रीय परिषद सदस्य श्री सुनील कुमार ने मुख्यालय के तमाम कर्मचारियों को संगठित रहने के लिए धन्यवाद दिया।