प्रमुख ने किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा
बसंतपुर प्रखंड प्रमुख बिमला देवी एवं उपप्रमुख बीबी सालेहा ने मंगलवार को प्रखंड के बाढ़ग्रस्त तथा जलजमा
बसंतपुर प्रखंड प्रमुख बिमला देवी एवं उपप्रमुख बीबी सालेहा ने मंगलवार को प्रखंड के बाढ़ग्रस्त तथा जलजमाव क्षेत्रों का सघन दौरा किया। भ्रमण के दौरान इन्होंने भगवानपुर पंचायत के साहेवान व रतनपुर पंचायत के पिपराही गाव में जलजमाव से डूबी सड़कें व अस्त-व्यस्त जनजीवन का भी मुआयना किया। साथ ही प्रभावित लोगों के दुख-दर्द से भी अवगत हुए। जलजमाव से प्रभावित लोगों से बातचीत के बाद प्रमुख बिमला देवी ने सीओ बसंतपुर तथा आपदा प्रबंधन के पदाधिकारियों को लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के क्रम में प्रमुख तथा उपप्रमुख ने पूर्वी कोशी तटबंध के 10 किलोमीटर स्पर का भी जायजा लिया। मौके पर मौजूद अभियंता व अन्य पदाधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेने के बाद स्पर मजबूती कार्य में तेजी लाने का भी अनुरोध किया। भ्रमण के दौरान प्रमुख ने प्रभावित लोगों को धैर्य बंधाते हुए आश्वस्त किया कि वे हर समय आपके दुख-दर्द को बाटने में साथ रहेंगी। साथ ही लोगों की समस्या को दूर करने के लिए उनसे जो बन सकेगा उस में कभी पीछे नहीं हटेंगी। भ्रमण के दौरान भगवानपुर पंचायत के मुखिया जयप्रकाश पासवान, रतनपुर मुखिया संजीव कुमार, रामचंद्र मेहता, पंसस देवेंद्र दास, शकर पासवान, रामलखन भारती, सुशील कुमार, सत्यनारायण मेहता, संजय पासवान, उमेश शर्मा, तुलाकात शर्मा, मो. शमीम, श्याम नारायण मेहता, संजय कुमार मेहता सहित अन्य लोग साथ थे।