निर्मली के 27 गांव बाढ़ से प्रभावित
सुपौल। नेपाल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को लेकर कोसी खाड़ो व तिलयुगा नदी में आई उफ
सुपौल। नेपाल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को लेकर कोसी खाड़ो व तिलयुगा नदी में आई उफान से अनुमंडल क्षेत्र के 27 में गांव बाढ़ से प्रभावित है। लोगों को बाढ़ आपदा से निजात दिलाने एवं सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधा उपलब्धता को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने 93 नाव की व्यवस्था की है। कई शरण स्थली बनाये गये हैं। अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के निर्मली व मरौना अंचल अंतर्गत बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए संचालित नाव एवं शरण स्थल पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। निर्मली प्रखंड अंतर्गत कुनौली, बथनाहा व बिलंदी गाव के बाढ़ प्रभावी लोगों एवं पशुओं के लिए मध्य विद्यालय कुनौली परिसर को शरण स्थल बनाया गया है। कमलपुर, हरिपुर, धरहरा, बनैनियां व रुपौली गाव के लिए मध्य विद्यालय हरीपुर,
प्राथमिक विद्यालय कमलपुर व मदरसा कमलपुर परिसर, डगमारा, सिकरहट्टा गांव के लिए मध्य व उच्च विद्यालय डगमारा परिसर, दिघिया, रहरिया, झहुरा, मौरा, लगुनिया, दुधैला गांव के लिए बाढ़ आश्रय स्थल दिघिया, मध्य विद्यालय दिघिया व मध्य विद्यालय दुधैला परिसर को शरण स्थल बनाया गया है। जहां बिजली, पानी व शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति पुलिस बल के साथ की गई है। सरकारी निर्देशानुसार राहत कैप में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगो को दो वक्त का भोजन दिया जा रहा है। राहत कैप से भोजन अन्यत्र ले जाने की मनाही है।