पूर्व विधायक विश्वमोहन भारती नहीं रहे
जागरण संवाददाता, सुपौल : छातापुर विधानसभा का दो सत्रों में प्रतिनिधित्व कर चुके छातापुर प्रखंड के ग्
जागरण संवाददाता, सुपौल : छातापुर विधानसभा का दो सत्रों में प्रतिनिधित्व कर चुके छातापुर प्रखंड के ग्वालपाड़ा निवासी पूर्व विधायक विश्वमोहन भारती का सोमवार को निधन हो गया। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उपचार के लिए पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मुजफ्फरपुर के समीप हृदय गति रुक जाने से उनकी मृत्यु हो गई। वे 50 वर्ष के थे। वर्तमान में जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर आसीन थे।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को सामान्य अवस्था में उन्होंने अपनी दिनचर्या शुरू की। इसी क्रम में उनके सीने में दर्द उठा। स्थानीय चिकित्सकों से प्रारंभिक उपचार कराने के बाद उन्हें इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था। श्री भारती जनता दल के टिकट पर पहली बार 1995 में विधायक चुने गए। 2000 के चुनाव में उन्हें पराजय का मुंह देखना पड़ा। 2005 के चुनाव में जदयू के प्रत्याशी के तौर पर फिर से विधायक चुने गए। छातापुर विधानसभा तब आरक्षित क्षेत्र हुआ करता था। परिसीमन के बाद 2010 में छातापुर विधानसभा सीट सामान्य क्षेत्र घोषित हुआ इसके बाद उन्हें टिकट नहीं मिला। हालांकि, वे जदयू के वफादार बने रहे और प्रदेश इकाई में उन्हें पद मिला। मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के कारण वे इलाके में काफी लोकप्रिय थे।