तीसरे दिन भी अनशन पर रहे दैनिक वेतन भोगी कर्मी
सुपौल, जागरण संवाददाता:दैनिक वेतन भोगी कर्मियों का अनिश्चितकालीन अनशन तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रह
सुपौल, जागरण संवाददाता:दैनिक वेतन भोगी कर्मियों का अनिश्चितकालीन अनशन तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। स्थायीकरण की मांग को ले दैनिक वेतन भोगी कर्मी समाहरणालय के मुख्य द्वार पर अनशन पर डटे रहे। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेन्द्र ठाकुर कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्षो से समाहरणालय का चक्कर काट रहे हैं। स्थापना के प्रधान लिपिक द्वारा अफसरों को गलत जानकारी देकर हम लोगों को परेशान किया जाता रहा है और बार-बार विभाग से सूची की मांग की जाती है। सभी विभाग कई बार जिला पदाधिकारी को समर्पित कर चुके हैं। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी यूनियन सुपौल, सहरसा के जिला सचिव सरोजकांत झा ने कहा कि यह मामला दिसंबर 1990 का है। कई कर्मी सेवानिवृत हो चुके तो कई इस दुनियां से चल बसे। सरकार के आदेश के बावजूद इन कर्मियों पर जिला प्रशासन को कोई तरस नहीं आया। बोले कि अपनी जायज मांग दैनिक वेतन भोगी कर्मियों के स्थायीकरण को ले तीन दिन से दैनिक वेतन भोगी कर्मी अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं। किन्तु प्रशासन ने बात तक करना अब तक मुनासिब नहीं समझा है। यह प्रशासन की मनमानी नहीं तो और क्या है। अनशन स्थल पर एक्टू के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र चौधरी, जिला सचिव कामरेड अरविंद शर्मा, सीताराम मंडल, वंदेलाल पासवान, विश्वनाथ शर्मा, मोहन कुमार मदन, अशोक वर्मा, महाकांत पौद्दार, फुलधर प्रसाद यादव, कमलेश्वरी यादव, दाहु राम, सुकन राम, दुर्गानंद मंडल, हरिश्चन्द्र महतो आदि मौजूद थे।