नमो के नाम पर गोलबंद हो रहे मतदाता : पासवान
जेएनएन, त्रिवेणीगंज/निर्मली : विज्ञान कॉलेज परिसर त्रिवेणीगंज में आयोजित चुनावी सभा में रविवार को लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि चारों तरफ घोटाला व अफसरशाही का आलम है। शिक्षा चौपट है और सरकार गांव में शराब की दुकान खोलकर नौजवानों को शराबी बना रही है। नियोजन पर बहाल लोग दाने-दाने को मोहताज हैं। एक जगह पर दो रीति चल रही है। नियोजित शिक्षकों को 6 हजार और नियमित को 32 हजार दिया जा रहा है। हमारी सरकार बनी तो नियोजित शिक्षक, आशा, सेविका आदि को नियमित किया जाएगा। इसको हम लोगों ने एजेंडे में शामिल किया है।
उन्होंने कहा नरेन्द्र मोदी आंधी हैं और तीन सौ से ज्यादा सीट जीत कर हमलोग सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने सुपौल लोकसभा से गठबंधन प्रत्याशी कामेश्वर चौपाल के लिए जनता से वोट मांगा। वहीं निर्मली में श्री पासवान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नाम पर देश के मतदाता गोलबंद हो रहे हैं। जिस तरह गुजरात में हिन्दू-मुसलमान एक साथ मिलकर विकास कर रहे हैं। केन्द्र में भाजपा सरकार बनने के बाद ठीक उसी तरह का विकास देश में देखने को मिलेगा। मौके पर भाजपा नेता नंदकिशोर यादव ने भी सभा को संबोधित किया। त्रिवेणीगंज में सभा की अध्यक्षता हरेराम मंडल व निर्मली में जितेन्द्र कुमार सिंह व संचालन सूर्य नारायण कामत ने किया।