विकास के नाम पर दें वोट : शरद
संवाद सूत्र, मरौना (सुपौल) : प्रदेश की खुशहाली, अमन-चैन के लिए मतदाता जाति, धर्म को छोड़कर विकास के नाम पर जदयू को वोट दें। तभी प्रदेश व कोसी का और अधिक विकास हो सकेगा। ये बातें जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहीं। वे रविवार को प्रखंड के श्री अनंत उच्च विद्यालय गनौरा, परसौनी के मैदान में सुपौल लोकसभा क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी दिलेश्वर कामैत के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
शरद ने कहा की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार का चहुंमुखी विकास हुआ है। शहरी इलाकों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़कों का जाल बिछा दिया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि आदि विकास के कार्यो में सुधार दिख रहा है।
बिजली के क्षेत्र में भी राज्य सरकार को जल्द ही सफलता मिलने वाली है। जल्द ही प्रदेश के सभी गांवों में बिजली की दशा में सुधार होगा। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इससे गरीबी दूर होगी और विकास होगा। सभा की अध्यक्षता प्रखंड जदयू अध्यक्ष लोकेश नाथ मंडल ने की।