खंभों के बीच की दूरी बन रही बिजली सुविधा में बाधा
नगर के वार्ड संख्या 30 में जागरण आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को जब दैनिक जागरण क
नगर के वार्ड संख्या 30 में जागरण आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को जब दैनिक जागरण की टीम पहुंची तो हर गली पीसीसी व नालीयुक्त सड़क दिखी लेकिन वार्ड में बिजली के खुले तार व पोल की दूरी को लेकर लोग सबसे ज्यादा परेशान दिखे। बताया गया कि पोल दूर होने के चलते उपभोक्ता खुद तार खरीद पोल से जोड़कर बिजली जलाने को विवश हैं। इस पर विद्युत विभाग का कोई ध्यान नहीं है। जबकि यहां से विभाग को भारी राजस्व की प्राप्ति होती है। खुले तार के चलते दुर्घटना का डर रहता है। लोगों ने वार्ड में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र आदि की मांग रखी।
एक समस्या और है, जो दो वार्डो के चलते है। अगर दोनों वार्ड के पार्षद मिलकर चाहेंगे तो शमशाद के घर से लेकर असरफ अहमद के घर तक धंसी सड़क व नाला दोनों को ठीक करा दें तो बहुत ही अच्छा होगा। सतह नीचा होने के कारण सड़क पर जल जमाव हो जाता है। इसे ऊंचा कराना सबसे जरूरी है।
कहते हैं वार्ड के लोग
- वार्ड में बिजली के खुले तार से लोग परेशान हैं। कवरयुक्त तार जरूरी हैं। खुला तार होने से करंट लगने का डर रहता है।
संतोष कुमार
-
स्कूल की व्यवस्था नहीं होने से यहां के बच्चे दूसरे वार्ड में पढ़ने को मजबूर हैं।
वसीम अहमद
-
रात में किसी को बीमार होने के बाद अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है। अगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था रहती तो लोगों को वार्ड में ही तत्काल राहत मिल जाती।
अर्जुन कुमार
-
हमारे वार्ड पार्षद कर्मठ हैं। अपने स्तर से वार्ड की समस्याओं का निदान कराने में दिलचस्पी दिखाते हैं।
इकबाल अहमद
-
वार्ड की मुख्य सड़क व नाला नीचे हो गयी है। जिससे बरसात होने पर जलजमाव होने लगता है। सड़क को ऊंचा कराना जरूरी है। इसे नगर परिषद प्राथमिकता से लेकर समस्या का समाधान कराए।
अरसद अहमद
-
गली-गली पीसीसी सड़क बन गई है, जिससे लोगों को सुविधा होती है। यह हमारे वार्ड पार्षद की देन है।
साजिद हसैन
-
वार्ड में करीब 90 लाभुकों को पेंशन व 350 लाभुकों को राशन कार्ड वार्ड पार्षद के प्रयास से ही हुआ है। इसके लिए हम सभी उनके आभारी हैं।
रजन हसैन
-
हम सभी पार्षद के साथ मिल कर वार्ड के विकास में सहयोग करते हैं। लिहाजा विकास दिख रहा है।
शमशेर अहमद
-
कहते हैं वार्ड पार्षद
जब से वार्ड पार्षद बने हैं, हमारा प्रयास रहता है प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण करूं। इसका परिणाम दिखाई दे रहा है। सबकी सहमति से वार्ड का कार्य व विकास करते हैं। इसमें सभी लोग का सहयोग मिलता है। आगे भी ऐसा ही होगा।
नसीम अहमद
वार्ड पार्षद
वार्ड संख्या- 30