छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण रहा मतदान
सिवान। हुसैनगंज प्रखंड में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान गुरुवार की सुबह सात बजे से सभी बूथों
सिवान। हुसैनगंज प्रखंड में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान गुरुवार की सुबह सात बजे से सभी बूथों पर शुरु कर दिया गया। प्रखंड के सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान कराया गया। कुछ जगहों पर छिटपुट घटनाओं की सूचना भी मिली। जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी भी की। स्थानीय थाने ने दोपहर के दो बजे तक प्रखंड के अलग अलग पंचायतों से 18 लोगों को हिरासत में लिया था। साथ ही 4 बाइक व एक टेम्पो को भी कब्जे में लिया था। प्रखंड के सरेयां गांव में दो मुखिया प्रत्याशी किसी बात को लेकर आपस में भीड़ गए और कुछ कुछ नोक झोंक भी हुई। दोपहर के दो बजे तक हुसनैगंज और हसनुपुरा में 42 प्रतिशत मतदान कराया जा चुका था। हुसैनगंज के खर्सदा पंचायत के सरेयां गाव के बूथ न0 148 में चल रहे मतदान केन्द्र से महज 300 मीटर दूर पर दो मुखिया प्रत्याशी आपस में भीड़ गए जिससे वहां पर कुछ समय के लिए तनाव पैदा हो गया। दोनों प्रत्याशियों का आरोप था कि मतदाताओं को प्रलोभन देकर मतदान कराया जा रहा है। इसकी सूचना जैसे ही प्रशासन को मिली दोनों प्रत्याशी फरार हो गए। दूसरी तरफ फाजिलपुर प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केन्द्र के समीप सामुदायिक भवन पर फाजिलपुर निवासी अबरार अंसारी और मुखिया प्रत्याशी रहीमुद्दीन उर्फ मुल्ला के बीच झड़प हो गयी। यह झड़प 10 मिनट तक जारी रहा। प्रशासन ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन दोनों भाग निकले। दूसरी तरफ पुलिस ने सेक्टर 8 से दो बाइक तथा 5 लोगो को गिरफ्तार किया। साथ ही 13 लोगों को पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। साथ ही दो बाइक, एक ऑटो सहित 5 वाहन भी जब्त किया गया। थानाध्यक्ष रामज्ञा राय ने बताया कि सेक्टर 8 से पकड़े गए दो बाइक में एक बाइक पर पुलिस लिखा हुआ है। दूसरे बाइक पर तीन व्यक्ति सवार होकर जा रहे थे जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। प्रखंड के 213 मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण मतदान कराया जा रहा है।
मचकना में आधे घंटे बाद शुरू हुआ मतदान
मचकना विद्यालय के उत्तर भाग में बनाए गए मतदान केन्द्र पर बैलेट बाक्स नहीं खुलने के कारण यहां मतदान आधे घंटे बाद शुरू कराया गया। वैलेट बाक्स नहीं खुलने की सूचना हुसैनगंज सीओ को दी गई। जिसके बाद सीओ ने मतदान केन्द्र पहुंच कर बैलेट बाक्स को बदलने का आदेश दिया। जिसके बाद वहां मतदान शुरू कराया गया। इस मौके पर बीडीओ राकेश कुमार चौबे, एसडीओ भूपेंद्र प्रसाद यादव, डीएसपी विजय कुमार आदि सभी वरीय पदाधिकारी सभी बूथों का निरीक्षण करते रहे।