आसान नहीं ससमय डीजल अनुदान वितरण
सिवान। खरीफ मद में आवंटित डीजल अनुदान की राशि का वितरण अब तक जिले में एक तिहाई भी नहीं
सिवान। खरीफ मद में आवंटित डीजल अनुदान की राशि का वितरण अब तक जिले में एक तिहाई भी नहीं हो पाया है। मात्र दस प्रखंडों में यह आंकड़ा एक तिहाई से आगे हो पाया है। आवंटन के एवज में वितरण की रफ्तार इतना धीमा है कि ससमय वितरण पूरा हो पाना किसी आश्चर्य से कम नहीं होगा। इस बीच सूखे को लेकर खराब हालत के मद्देनजर 24 नवंबर को मुख्यमंत्री ने समीक्षा करने के बाद रबी फसल के सिंचाई के लिए भी तीन डीजल अनुदान देने की घोषणा कर दी। वहीं समीक्षा के बाद से जिला स्तर पर जिलाधिकारी ने भी समीक्षा की है। कहा जा रहा है कि खरीफ की राशि का ही वितरण नहीं हो सका तो रबी में सिंचाई के लिए तीन पटवन के आवंटित राशि क्या रबी सीजन में ही विभाग बांट पाएगा? बताते चलें कि प्रखंडों में कृषि विभाग के द्वारा किसानों का आवेदन जमा कराकर प्रखंड कार्यालय में जमा करने की जिम्मेवारी थी। वहीं कोषागार से प्राप्त आवंटन के अनुसार राशि निकासी प्रखंड विकास पदाधिकारियों की थी।
कृषि विभाग से आवेदन जमा कर प्रखंड कार्यालय को भेजा गया। हकीकत यह है कि प्रखंड विकास पदाधिकारियों की शिथिलता व प्रखंड नाजिर की लापरवाही से राशि अटकी रह गई। डीजल अनुदान वितरण के लिए जिलाधिकारी द्वारा हर साप्ताहिक बैठक में समीक्षा करनी होगी। तब डीजल अनुदान वितरण की चाल बढ़ेगी। हर दिन प्रखंड विकास पदाधिकारियों की भी मानिटरिंग जिला से करनी होगी।
प्रखंडों में आवंटित राशि- वितरण (प्रतिशत)
सिवान सदर - 3732560- 40.19
पचरुखी- 3536109- 36.36
महाराजगंज- 3143208- 41.65
भगवानपुर हाट- 3929011- 8.66
बसंतपुर- 1768055- 38.65
लकड़ी नबीगंज- 2160957- 38.77
बड़हरिया- 5893515 - 25.31
गोरेयाकोठी- 4321911- 38.24
दारौंदा- 3339659- 14.70
मैरवा- 1571605- 27.53
नौतन- 1768085- 12.23
हुसैनगंज- 3143208-29.91
आंदर-2160957-46.98
जीरादेई-3143208-14.62
सिसवन- 2553856- 20.93
रघुनाथपुर- 3143208-38.35
दरौली- 3143208-22.27
गुठनी- 2357407-35.44
हसनपुरा : 2750304 : 36.05
(25 नवंबर तक की स्थिति के आधार पर)