Move to Jagran APP

जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान रहा शहर

जासं, सिवान : रामनवमी के अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा शनिवार को शहर के गांधी मैदान से गाजे

By Edited By: Published: Sun, 29 Mar 2015 10:46 AM (IST)Updated: Sun, 29 Mar 2015 10:46 AM (IST)
जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान रहा शहर

जासं, सिवान : रामनवमी के अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा शनिवार को शहर के गांधी मैदान से गाजे-बाजे के साथ भक्तिपूर्ण माहौल में मर्यादा पुरुषोतम श्रीराम की शोभा यात्रा निकाली। इसमें हजारों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। शोभा यात्रा में युवाओं ने भी अपनी बढ़ चढ़कर सहभागिता दिखाई। गांधी मैदान से प्रारंभ हुई शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए पुन: गांधी मैदान पहुंची। शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु सिर पर भगवा रंग की पगड़ी बांधे, गले में जयश्री राम लिखा पट्टी डाले व हाथों में झंडा लेकर जय श्री राम की गगनचूंभी जयघोष लगा रहे थे। हर मोर्चे पर युवाओं की सहभागिता देखते बन रही थी। डीजे के धुन पर थिरकने से लेकर श्रीराम के रथ को खींचने में युवाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। उनके द्वारा लगाए जा रहे जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण राममय हो गया था। इधर शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालु महिला पुरुषों ने पुरुषोतम श्रीराम की आरती उतारी। सैकड़ों स्थानों पर लोगों ने फूल माला लेकर भगवान श्रीराम की अगुवानी किया तथा उनपर फूल चढ़ाकर पूजा अर्चना किया। शोभा यात्रा में शामिल बैंड बाजों के अलावे एक दल में एक दर्जन व्यक्ति पीला गंजी, पीला लूंगी व सिर पर भगवा पगड़ी बांधे सींघा बजाते नजर आये, जो अपने आप में अलग थे। पूरे शहर में ये लोग सींघा बजाकर जय श्री राम की जयघोष लगा रहे लोगों को उत्साहित करते दिखे।

loksabha election banner

सुबह से ही था उत्साह का माहौल

शहर में शनिवार की सुबह लोगों में अजब सा उत्साह दिखाई पड़ा। शहर की सभी सड़कें श्रीराम के झंडे से पटे हुए थे। वहीं कचहरी दुर्गा मंदिर में हवन व पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। दिन के ग्यारह बजते ही बड़े-बड़े डीजे में जय श्रीराम जय श्रीराम के जयघोष जोर जोर से बजना शुरू हो गया। श्रीराम के शोभा यात्रा में महिला श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी रही। महिलाएं भी डीजे में बज रही जय श्रीराम के धुन पर थिरक रही थी। महिलाओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो इसके लिए भी समिति द्वारा विशेष सुरक्षा बरती जा रही थी। ग्रामीण क्षेत्र से महुआरी गांव से सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। शहर के महादेवा, श्रीनगर लखराव, शास्त्री नगर, नया बाजार, दाल दरी परिवार, मखदुम सराय, मौली के बथान, लक्षमीपुर सिसवन ढाला, मौलेश्वरी चौक सहित नगर के विभिन्न मुहल्लों के सेवा समितियों ने भाग लिया।

डीजे पर बज रहे राम धून थिरके श्रद्धालु

शोभा यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकली थी। इसमें डीजे व बैंडपार्टी में मुख्य रुप से दो से तीन गीतों के धून ज्यादा बजते रहे। इनमें सीना फाड़ कर बजरंगी बोले देख जय श्री राम, राम जी की सेना चली हर-हर महादेव। डीजे में बज रह इन गीतों पर शोभा यात्रा में शामिल बच्चे, बूढ़े, युवा, महिलाएं सब ने खूब थिरका। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर गूंजयमान हो गया। एक बजे से प्रारंभ हुए शोभा यात्रा देर शाम तक ये धुन बजते रहे।

ललाट पर तिलक, तो चेहरे पर लिखा था जय श्रीराम

शोभा यात्रा में शामिल हजारों लोगों को सेवा समिति द्वारा ललाट पर तिलक लगाया गया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में चंदन लेकर शोभा यात्रा में शामिल लोगों के ललाट पर चंदन का तिलक लगाते दिखे। लोगों ने प्रेम से अपने ललाट पर तिलक लगा जय श्रीराम का जयघोष लगाएं। वहीं सैकड़ों युवाओं की एक अलग पहचान थी। ये युवा अपने चेहरे पर जय श्रीराम लिखवाएं थे। जो आकर्षण के केन्द्र बने हुए थे। वहीं कोई चेहरे, ललाट व बाजू पर भी जयश्रीराम लिखवां जय घोष करते दिखे।

------------

पग-पग पर थी प्याऊ की व्यवस्था

शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को चिलचिलाती धूप में प्यास मिटाने के लिए विभिन्न संगठनों व व्यवसायियों द्वारा जगह-जगह प्याऊ, शरबत, लस्सी, फल आदि की व्यवस्था की गयी थी। कचहरी रोड में शरबत की व्यवस्था की गयी थी। जेपी चौक से पहले भोला चौधरी ने वीएम मध्य विद्यालय के गेट पर श्रद्धालुओं के जलपान की व्यवस्था कर रखी थी। इसी तरह बबुनिया मोड़ सहित अन्य मार्गो पर श्रद्धालुओं के लिए पग-पग पर शरबत व लस्सी की व्यवस्था थी।

---------

बानरी सेना रही आकर्षण का केन्द्र

राम नवमी पर निकली श्रीराम जी की शोभा यात्रा में दर्जनों झांकियां शामिल थी। भगवान श्री राम जानकी के साथ हनुमान व लक्ष्मण रथ पर विराजमान थे। वहीं दूसरी झांकी में राम भक्त हनुमान अपने अराध्य देव को हाथ पर उठाएं हुए थे। वहीं घोड़े के रथ पर सवार राम जानकी, लक्ष्मण व हनुमान काफी आर्कषक लग रहे थे। इसके अलावे रामजी की बानरी सेना के अलाव विभिन्न की झांकियां श्रद्धालुओं के आर्कषण का केन्द्र बनी हुई थी।

-------

विभिन्न संगठनों के नेता व कार्यकर्ता हुए शामिल

शहर के बबुनिया मोड पर शोभा यात्रा में पूर्व मंत्री अवध बिहारी चौधरी अपने समर्थकों के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह वर्धन करते नजर आए। इसी तरह सदर विधायक व्यासदेव प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यू सिंह, जितेन्द्र स्वामी, कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, प्रदीप कुमार रोज, राजेश श्रीवास्तव, प्रशांत दुबे, संजय पांडेय, देवेन्द्र गुप्ता, सुधीर जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। इसी तरह गुठनी में निकली शोभा यात्रा में पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह ने भी अपने समर्थक साथ हिस्सा लिया। वह अपने समर्थकों के साथ ताली बजाकर जय श्रीराम का जयघोष लगाते दिखे। इसके बाद जिला मुख्यालय में निकले शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए निकल पड़े। वहीं शोभा यात्रा को ले जदयू कार्यकर्ताओं ने भी कचहरी दुर्गा मंदिर के पास स्टाल लगाया था। जदयू कार्यकर्ताओं में श्रीनिवास यादव, राजीव रंजन राजू सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.