तीन घंटे तक जारी रहा डकैतों का उत्पात
संसू, भगवानपुर हाट (सिवान): थाना क्षेत्र के माघर गांव निवासी एनजीओ संचालक अवध किशोर के घर हथियारब
संसू, भगवानपुर हाट (सिवान): थाना क्षेत्र के माघर गांव निवासी एनजीओ संचालक अवध किशोर के घर हथियारबंद अपराधियों ने करीब दो तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान घर के लोग हथियार बंद अपराधियों की निगरानी में रहे जिसकारण वे शोर भी नहीं मचा पाए। भनक लगने पर पड़ोसी पहुंचते इसके पहले ही वे बड़े ही आराम से फरार हो गए।
घर वालों का कहना है कि रात 11 बजे अपराधी जब तब घर में घुसे जब सारे लोग गहरी नींद में थे। इस कारण उनके घुसने व सिटकनी तोड़ने की आवाज कोई भी नहीं सुन पाया। घर में घुसने के बाद जब अपराधियों ने परिजनों को हथियार की नोक पर जगाया तो सब एकबारगी हैरत में पड़ गए। पर उनके हाथों में हथियार होने से परिजन शोर नहीं मचा सके। बताते हैं कि अवध किशोर सिंह ने पहले उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन उनकी संख्या व हथियार देख वह चुप हो गए। रात के करीब दो बजे वह घर से बाहर निकले। इसके बाद ही पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। जब तक पड़ोसी व ग्रामीण उनकी खोज को निकलते, अपराधी भाग निकले थे।
अज्ञात बाइक चालक ने किया था पीछा
अवध किशोर सिंह ने बताया कि सप्ताह भर पहले दिल्ली से घर आने के क्रम में उनके वाहन के पीछे काफी देर तक एक बाइक चालक भी आता रहा था। लेकिन उन्होंने उसे अनदेखा कर दिया। तीन दिन पूर्व भी पटना से घर लौटने के दौरान एक बाइक चालक उनका पीछा कर रहा था। लेकिन उनके घर पहुंचने पर वह बाइक समेत लापता हो गया। उन्होंने बताया कि यद्यपि इसे लेकर वे काफी चितिंत थे लेकिन इसका जिक्र किसी से करना मुनासिब नहीं समझा। उन्होंने पुलिस से इस बात का जिक्र करते हुए अपनी जान का खतरा बताया। पुलिस को उन्होंने बताया कि डकैतों की उम्र 25 से 30 वर्ष तक थी और सभी दक्षिण बिहार जैसी मिलती जुलती भाषा बोल रहे थे।
कोड लॉक होने से बचा गोदरेज
डकैती के क्रम में अपराधियों ने घर में रखी एक गोदरेज आलमारी को कमरे के अंदर से निकाल कर बाहर कर लिया लेकिन उसे खोलने में वह सफल नहीं हो सके क्योंकि अत्याधुनिक गोदरेज का कोड लॉक था। डकैतों ने अवध किशोर सिंह से आलमारी खोलने को कहा लेकिन उन्होंने यह कहकर जान छुड़ाई कि कोड का पता पत्नी जानती है और वह दिल्ली में ही है। लेकिन इसके बावजूद अपराधी घर में रखी 4 लाख नगदी, हाथ में पहनी 30 हजार की अंगुठी व तीन मोबाइल सेट लूट लिया। मुजफ्फरपुर से आये मित्र सर्वेश चौधरी के 21 हजार रुपये व मोबाइल व सारण के मजौना से आये सुनील सिंह की मोबाइल ले गया।
23 दिन में दूसरी डकैती से क्षेत्रवासियों में दहशत
थाना क्षेत्र में 23 दिन के अंदर यह दूसरी बड़ी डकैती है। जिसे अपराधियों ने बिना खौफ पुलिस को चुनौती देते हुए अंजाम दिया है। एक के बाद एक दो बड़ी डकैती की सूचना के बाद क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल कायम है। उनका कहना है प्रखंड क्षेत्र में अपराधी बेलगाम हो गए है। मालूम हो कि एक जनवरी को रानी सारी पट्टी गांव निवासी केरोसिन तेल के थोक विक्रेता ललित मोहन उर्फ रिंकू के घर भी डकैतों ने धावा बोलकर एकदम इसी अंदाज में लूट मचाई थी। अभी इस कांड का उद्भेदन भी नहीं हुआ कि दूसरी घटना को अंजाम दे दिया। दोनों ही मामलों में परिजनों को बंधक बनाकर लूट हुई। ग्रामीणों की मानें तो पुलिस अगर शीघ्र इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगायेगी तो अपराधी और बेलगाम हो जाएगे।