जिले को हत्या व अपहरण के दौर में ले जा रहा गठबंधन : सांसद
जासं, सिवान : सांसद ओमप्रकाश यादव के प्रेस प्रवक्ता श्रीकांत भारतीय की हत्या के तीसरे दिन मंगलवार को
जासं, सिवान : सांसद ओमप्रकाश यादव के प्रेस प्रवक्ता श्रीकांत भारतीय की हत्या के तीसरे दिन मंगलवार को पार्टी कार्यालय में सांसद, विधायक व भारतीय जनता पार्टी के वरीय पदाधिकारियों ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि राजद व जदयू का गठबंधन जिले को हत्या व अपहरण के पुराने दौर में ले जा रहा है। भाजपा इसे सहन नहीं करेगी। सांसद ओम प्रकाश यादव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि जदयू व राजद का गठबंधन होने के बाद से आपराधिक घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। गठबंधन की भी यही मंशा है कि विभिन्न जिलों व प्रदेश में अपराध व अपराधियों का बोलबाला हो। श्रीकांत कर्मठ व जुझारू कार्यकर्ता थे। उन्हें खोने का दु:ख सिवान की जनता महसूस कर रही है।
पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रो.अमिभन्यु सिंह ने कहा कि प्रशासन के आला अधिकारियों से वार्ता के दौरान आश्वासन मिला है कि एक सप्ताह के अंदर श्रीकांत के हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी। पार्टी इतना समय देने पर सहमत है। ऐसा नहीं होने पर भाजपा इसे आंदोलन का रूप देगी। सदर विधायक व्यास देव प्रसाद ने कहा कि सिवान में फिर से डर व भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अपराधियों के इस मंसूबों को भारतीय जनता पार्टी कामयाब नहीं होने देगी। इस मौके विधायक रामायण मांझी, पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामाकांत पाठक, डा.राजदेव सिंह, व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष अभिमन्यू सोनी, राहुल तिवारी, योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न पार्टी पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।