दपनी कांड का उद्भेदन, पांच धराए
जागरण संवाददाता, सिवान : एमएच नगर थाना क्षेत्र स्थित दपनी गांव में धनतेरस की रात हुई भीषण डकैती में
जागरण संवाददाता, सिवान : एमएच नगर थाना क्षेत्र स्थित दपनी गांव में धनतेरस की रात हुई भीषण डकैती में शामिल डकैत गिरोह का पर्दाफाश पुलिस ने सोमवार को कर दिया। इस घटना को छपरा और सिवान के डकैतों ने संयुक्त रुप से अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उस वक्त गिरफ्तार अपराधी भी मौजूद थे। पुलिस कप्तान ने बताया कि ग्रामीणों ने एक डकैत को पकड़ लिया था जिसने गिरोह के सदस्यों के बारे में जानकारी दी थी। इस सूचना पर पुलिस सक्रिय थी। चैनपुर और एमएच नगर की पुलिस की ओर से छापेमारी में गिरोह के सदस्य नगई निवासी हरेराम महतो, चैनपुर निवासी मुमताज, बलियाकोठी के भोला राम को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से डकैती में लूटे गए सारे सामान बरामद कर लिये गये हैं। इनके पास से एक अटैची, एक टीन का बक्सा भी बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि इनके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए सारण पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ चैनपुर में ही गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ के विजयनंद राय के घर पर छापेमारी कर उसके दोनों बेटों करण राय तथा ददन राय को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक देशी कट्टा तथा पांच जिंदा कारतूस और एक लूट की हीरो होंडा सीडी 100 बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में सभी ने बताया कि वे ठंड के मौसम में सिसवन, रसूलपुर, दारौंदा, में घरों में डकैती की घटना को अंजाम दिया करते थे। छापेमारी में चैनपुर ओपी के पुअनि मनोज कुमार सिंह, एमएच नगर के पुअनि अमीत कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।