हक के लिए पहुंचीं थाने, तब बनी बात
संसू, मैरवा (सिवान) : थाना क्षेत्र के इंगलिश गांव में इलाहाबाद से पहुंची दो सगी बहनों ने हलचल
संसू, मैरवा (सिवान) :
थाना क्षेत्र के इंगलिश गांव में इलाहाबाद से पहुंची दो सगी बहनों ने हलचल मचाए रखा। दोनों बहनें दो परिवारों में बहू बनकर पहुंचीं थीं। ससुराल वालों ने अपनाने से इनकार किया तो मैरवा थाना पहुंच अपनी बात रखी। निकाह का वास्ता दिया। मदद की गुहार लगाई। बड़ी बहन ने बताया कि उसने अपने शौहर से कोर्ट मैरेज किया है। ससुराल वाले इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। वहीं उसकी छोटी बहन का कहना था कि दिल्ली में एक काजी ने उसका निकाह पढ़ाया है। वह निकाहनामा भी लेकर आई थी। उर्दू में लिखे निकाहनामा में दूल्हे (वर) का नाम तो ठीक था लेकिन युवक ने पिता की जगह चाचा का नाम लिखा दिया था और घर का पता उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला के सलेमपुर दर्ज था। पुलिस ने इसे धोखाधड़ी का मामला माना। बाद में पंचायत प्रतिनिधियों एवं कुछ ग्रामीणों के साथ ही दोनों के ससुराल वालों को थाने बुलाया गया। दोनों बहनों का कहना था कि उनके पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं। मैरवा थाने के इंगलिश गांव के दो युवक वहां पलम्बर का काम करते थे। दोनों उनसे शादी के रिश्ते में बंध गईं। छुट्टी में दोनों युवक इस वादे पर गांव लौटे कि जल्द वापस आएंगे लेकिन फिर वापस नहीं पहुंचे। तब ससुराल का पता नहीं मालूम था मगर मोबाइल से मिले ट्रेस पर दोनों हिम्मत दिखाते मैरवा पहुंचीं। फिर फोन पर बात कर युवक को मैरवा बुलाया। पहले वे अपने घर ले जाने में आनाकानी करते रहे। बाद में बाइक से अपने घर ले गए मगर घर वाले वाले देखते ही भड़क उठे और अपनाने से इनकार कर दिया। बाद में ग्रामीणों व पुलिस की पहल पर दोनों के परिजन उन्हें अपनाने को तैयार हुए।